(नई दिल्ली)अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर जैतपुर स्थित रियल व्यू पब्लिक स्कूल में चाइल्ड सेफ्टी एंड अवेयरनेस प्रोग्राम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम इंडियनटॉप्टिक्स फाउंडेशन द्वारा आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य शिक्षकों, अभिभावकों और समाज को बच्चों की सुरक्षा और जागरूकता के प्रति संवेदनशील बनाना था।

कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में जैतपुर थाना की हेड कांस्टेबल चंचल और अधिवक्ता कोमल गुप्ता उपस्थित रहीं। अधिवक्ता कोमल गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान समय में बच्चों को सोशल मीडिया के अत्यधिक उपयोग से दूर रखना बेहद आवश्यक है। उन्होंने अभिभावकों को सलाह दी कि वे बच्चों के साथ अधिक समय बिताएं, उनकी गतिविधियों पर ध्यान रखें और उन्हें सकारात्मक गतिविधियों के लिए प्रेरित करें, जिससे बच्चे अनुशासन के साथ सही दिशा में आगे बढ़ सकें।

कार्यक्रम का संचालन एंकर दुर्गा ने किया। उन्होंने कहा कि बच्चों को मोबाइल और सोशल मीडिया से दूर रखने के लिए उन्हें कॉमिक्स पढ़ने, चित्रकला, खेलकूद और अन्य रचनात्मक गतिविधियों की ओर आकर्षित करना चाहिए, ताकि उनका ध्यान सकारात्मक कार्यों में लगे और उनका सर्वांगीण विकास हो सके।

इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या सहित सभी शिक्षकों ने कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लिया और इस पहल की सराहना की। वक्ताओं ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा केवल परिवार की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि स्कूल और पूरे समाज की भी सामूहिक जिम्मेदारी है।

कार्यक्रम के अंत में फाउंडेशन की संस्थापक निशा राठौर और विद्यालय की प्रधानाचार्या ने अतिथि वक्ताओं को चुनरी और पौधा भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम का समापन सभी अतिथियों और शिक्षकों के धन्यवाद ज्ञापन के साथ किया गया।