सदानंद कुमार प्रउहा सह-संपादक डीएम इंडिया न्यूज़

(रायपुर)छत्तीसगढ़ प्रदेश तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ की विशेष साधारण सभा (आम सभा) रविवार को टाउन हॉल, रायपुर में आयोजित हुई। बैठक में संगठन की गतिविधियों की समीक्षा, कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं तथा भविष्य की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रदेशभर से आए पदाधिकारियों और सदस्यों ने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा कर्मचारियों के हितों की रक्षा के लिए सामूहिक रणनीति तैयार की।

सभा में दुर्ग जिले से बड़ी संख्या में कर्मठ एवं जुझारू कर्मचारियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। इस दौरान प्रांतीय महामंत्री विजय लहरे, प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष प्रदीप चौहान (बाबा भाई), संभागीय संगठन सचिव मनीष तिवारी, जिलाध्यक्ष भानु प्रताप यादव तथा जिला सचिव शिवदयाल घृतलहरे सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में कर्मचारियों की लंबित मांगों, सेवा संबंधी समस्याओं, संगठनात्मक विस्तार तथा आगामी आंदोलनों और कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विचार-विमर्श किया गया। वक्ताओं ने कहा कि कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए संगठन लगातार प्रयासरत है और आवश्यक होने पर लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष भी किया जाएगा।

सदस्यों ने संगठन की एकता और मजबूती को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कर्मचारियों के अधिकारों, सम्मान और हितों की रक्षा के लिए निरंतर सक्रिय रहने का संकल्प लिया। सभा में सभी पदाधिकारियों ने संगठन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए अधिक से अधिक कर्मचारियों को संगठन से जोड़ने और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए सामूहिक प्रयास करने पर जोर दिया। आयोजन सौहार्दपूर्ण वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।