अमर भारद्वाज सह-स्टेट हेड छत्तीसगढ़ डीएम इंडिया न्यूज़

(कोरबा-बांकीमोंगरा) वार्ड क्रमांक 09 अम्बेडकर नगर में मुक्तिधाम की बदहाल व्यवस्था के कारण स्थानीय लोगों को अंतिम संस्कार के दौरान भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बुधवार को रोशन जांगड़े के निधन के बाद जब उनके अंतिम संस्कार की तैयारी की गई, तब बारिश के चलते परिजनों एवं मोहल्लेवासियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। मुक्तिधाम में अंतिम संस्कार के लिए समुचित शेड नहीं होने के कारण बारिश के बीच खुले में अंतिम संस्कार करना पड़ा।

वार्ड क्रमांक 09 के पार्षद प्रतिनिधि दिलीप कुर्रे ने बताया कि अम्बेडकर नगर का मुक्तिधाम पहले से ही बेहद जर्जर स्थिति में था। वर्ष 2025 में इसका एक हिस्सा भरभराकर स्वतः गिर गया था। इसके बाद अंतिम संस्कार के लिए बने पुराने शेड को भी नगर पालिका परिषद बांकी मोंगरा को पत्र के माध्यम से सूचना देकर तुड़वाया गया था। लेकिन इसके बाद अब तक नए मुक्तिधाम का निर्माण नहीं हो सका है।

मुक्तिधाम की स्थायी व्यवस्था नहीं होने से अम्बेडकर नगर सहित आसपास के कई वार्डों के निवासियों को परेशानी उठानी पड़ रही है। खासकर बारिश के मौसम में स्थिति और गंभीर हो जाती है।

पार्षद प्रतिनिधि दिलीप कुर्रे ने पालिका सीएमओ, नगर पालिका अध्यक्ष एवं स्थानीय पार्षद से मांग की है कि स्थायी मुक्तिधाम का निर्माण होने तक तत्काल अस्थायी शेड एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की जाए, ताकि अंतिम संस्कार के दौरान लोगों को बारिश और मौसम की मार न झेलनी पड़े।