दिब्येन्दु मृधा संपादक डीएम इंडिया न्यूज़

(कोरबा)जिले में सड़क सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के लिए परिवहन विभाग ने लापरवाह वाहन चालकों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया है। शराब पीकर वाहन चलाने, तेज गति से वाहन दौड़ाने तथा अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों पर कार्रवाई करते हुए 109 वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित किए गए हैं।

जिला परिवहन अधिकारी अतुल असैया ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और आम नागरिकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए लगातार जांच अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान के दौरान ऐसे वाहन चालकों की पहचान की गई जो नशे की हालत में वाहन चला रहे थे या निर्धारित गति सीमा का उल्लंघन कर रहे थे। इनके विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के प्रावधानों के तहत कार्रवाई करते हुए लाइसेंस निलंबन की प्रक्रिया अपनाई गई।

परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया है कि सड़क सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। विभाग ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे शराब पीकर वाहन न चलाएं, निर्धारित गति सीमा का पालन करें, सीट बेल्ट और हेलमेट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें तथा सभी यातायात नियमों का पालन करें।

परिवहन विभाग का मानना है कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। नियमों के पालन से दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकती है और बहुमूल्य जीवन की रक्षा सुनिश्चित की जा सकती है।