देवेन्द्र कुमार खूंटे रिपोर्टर कोरबा

(कोरबा-बालको) सदगुरु कबीर माणिक साहेब का 629वां जन्मोत्सव बालको स्थित सतगुरु कबीर माणिक गुरुधाम समिति द्वारा श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर गुरुधाम परिसर में आयोजित भव्य कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, समाजजनों एवं गणमान्य नागरिकों ने सहभागिता निभाई। कार्यक्रम के दौरान सदगुरु कबीर साहेब के जीवन, उनके आध्यात्मिक विचारों तथा मानवता, सत्य, समानता और प्रेम के संदेश पर विस्तार से प्रकाश डाला गया।

मुख्य अतिथियों एवं वक्ताओं ने अपने संबोधन में कहा कि सदगुरु कबीर साहेब की शिक्षाएं आज भी समाज को नई दिशा देने में प्रासंगिक हैं। उन्होंने जाति-पांति, ऊंच-नीच और सामाजिक भेदभाव से ऊपर उठकर मानवता, भाईचारे और सत्य के मार्ग पर चलने का संदेश दिया। उपस्थित श्रद्धालुओं ने उनके बताए आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने तथा समाज में प्रेम, सद्भाव और आपसी सम्मान का वातावरण मजबूत करने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के दौरान समाज एवं पत्रकारिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए पत्रकार दिब्येन्दु मृधा (संपादक, डीएम इंडिया) तथा भोला राम केवट (संपादक, कोरबा संवाद) को सतगुरु कबीर माणिक गुरुधाम समिति की ओर से श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। समिति के पदाधिकारियों ने दोनों पत्रकारों के सामाजिक सरोकारों एवं निष्पक्ष पत्रकारिता की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

कार्यक्रम में कबीर वाणी का वाचन, सत्संग एवं भजन-कीर्तन का आयोजन भी किया गया, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। अंत में सभी श्रद्धालुओं ने सदगुरु कबीर साहेब के बताए सत्य, प्रेम, करुणा और मानव सेवा के मार्ग पर चलने का संकल्प दोहराया।

कार्यक्रम का समापन प्रसाद वितरण एवं समाज में आपसी भाईचारे, सौहार्द और मानवीय मूल्यों को सुदृढ़ बनाने के संदेश के साथ संपन्न हुआ।