अमर भारद्वाज सह-स्टेट हेड छत्तीसगढ़ डीएम इंडिया न्यूज़

(जांजगीर-चांपा) ग्राम पंचायत सरहर स्थित समलाई दाई मंदिर परिसर के राम-जानकी मंदिर में एक नवविवाहित जोड़े का विवाह वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न हुआ। दूरपा निवासी प्रमीला भैना और मुलमुला (बिलासपुर) निवासी कृष्ण कुमार भैना ने विधिवत सात फेरे लेकर वैवाहिक जीवन की नई शुरुआत की। विवाह की सभी रस्में पंडित गुड्डू महाराज ने वैदिक परंपरा के अनुसार संपन्न कराईं।

इस शुभ अवसर पर सरहर निवासी संतोष कुर्रे और दिलीप पांडे ने विवाह समारोह की संपूर्ण व्यवस्था की। संतोष कुर्रे ने नवदंपति के विवाह का पूरा खर्च स्वयं वहन कर सामाजिक सहयोग और मानवता का प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया। ग्रामीणों ने उनके इस सराहनीय कार्य की प्रशंसा करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक पहल बताया।

विवाह समारोह में समलाई समिति के सदस्यों सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। उपस्थित लोगों ने नवदंपति को सुखद एवं समृद्ध दांपत्य जीवन का आशीर्वाद दिया। समारोह में इतवारी केंवट, रामचरन, रामगोपाल यादव, सहसराम, तेरस यादव, सियाराम यादव, शेखर कुर्रे, ललिता बाई कुर्रे, सावित्री बाई केंवट, संगीता केंवट सहित सैकड़ों ग्रामीणों की उपस्थिति रही।

धार्मिक और पारंपरिक वातावरण में संपन्न इस विवाह ने सामाजिक एकता, सहयोग और सामूहिक सहभागिता की मिसाल पेश की। ग्रामीणों ने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में आपसी भाईचारे और सहयोग की भावना को मजबूत करते हैं तथा जरूरतमंद परिवारों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनते हैं।