नवप्रवेशी बच्चों का तिलक और माला पहनाकर हुआ आत्मीय स्वागत

अतिथियों ने बांटी पाठ्यसामग्री और गणवेश, परिसर में किया वृक्षारोपण न्योता भोज में बच्चों को परोसे गए विशेष पकवान

दिब्येन्दु मृधा संपादक डीएम इंडिया न्यूज़ 

(कोरबा)विकासखंड एवं जिला कोरबा के संकुल केंद्र श्यांग के अंतर्गत शासकीय प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालय, गुरमा में बुधवार, 01 जुलाई 2026 को नए शैक्षणिक सत्र 2026-27 का 'शाला प्रवेशोत्सव' अत्यंत हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा माँ सरस्वती के तैलचित्र पर माल्यार्पण, दीप प्रज्वलन एवं वंदन के साथ किया गया।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि ग्राम पंचायत गुरमा की सरपंच सीता मँझवार थीं। विशिष्ट अतिथि के रूप में उपसरपंच जितेंद्र अग्रवाल, भूतपूर्व सरपंच कोवल सिंह मँझवार एवं भूतपूर्व उपसरपंच बंशीराम मँझवार उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता संकुल प्राचार्य प्रतिनिधि तिलक सिंह राठिया ने की।

इस अवसर पर विद्यालय पहुंचे नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं का अतिथियों और शिक्षकों द्वारा तिलक लगाकर, पुष्पहार एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर आत्मीय स्वागत किया गया। इसके साथ ही बच्चों को शासन की योजना के तहत निःशुल्क पाठ्यपुस्तकें, कॉपियां, पेन, पेंसिल और गणवेश (यूनिफॉर्म) वितरित किए गए, जिसे पाकर बच्चों के चेहरे खिल उठे।

मुख्य अतिथि सीता मँझवार ने बच्चों को नियमित शाला आने और मन लगाकर पढ़ने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के अध्यक्ष तिलक सिंह राठिया ने शिक्षा के महत्व और अनुशासन पर प्रकाश डालते हुए बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस उत्सव को यादगार बनाने के लिए विद्यालय परिसर में अतिथियों द्वारा पौधरोपण भी किया गया।

कार्यक्रम के अंतिम चरण में सभी अतिथियों, पलकों, बच्चों और उपस्थित ग्रामीणों के लिए 'न्योता भोज' का विशेष आयोजन किया गया। इसमें सभी को खीर, पूरी, दाल, मटर पनीर, मिक्स सब्जी और मिठाई परोसी गई। विद्यालय परिवार ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए उपस्थित संकुल समन्वयक परेश्वर बंजारे, बसंत एक्का, ग्राम पंचायत के पंचगण, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, शाला प्रबंधन समिति (SMC) के पदाधिकारियों, सजग पालकों और गणमान्य नागरिकों का आभार व्यक्त किया।