चितरंजन कुमार प्रसाद रिपोर्टर कोरबा

(कोरबा) विश्व आर्थराइटिस दिवस के अवसर पर 12 अक्टूबर को स्वस्थ भारत समृद्ध भारत अभियान के अंतर्गत ‘चलो आयुर्वेद की ओर’ मिशन के तहत निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन पतंजलि चिकित्सालय, शिव औषधालय, महानदी कॉम्प्लेक्स, निहारिका रोड कोरबा में किया गया। लायंस क्लब कोरबा एवरेस्ट, आरोग्य भारती, भारत विकास परिषद, विश्व हिंदू परिषद एवं आयुष मेडिकल एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित शिविर में 167 मरीज लाभान्वित हुए।

शिविर में छत्तीसगढ़ के अनुभवी आयुर्वेद चिकित्सा विशेषज्ञ नाड़ीवैद्य पंडित शिव कुमार शर्मा, नाड़ीवैद्य डॉ. वागेश्वरी शर्मा एवं नाड़ीवैद्य डॉ. नागेंद्र नारायण शर्मा ने मरीजों को चिकित्सकीय परामर्श और उपचार सेवाएं प्रदान कीं। इस दौरान अस्थि खनिज घनत्व (बोन मिनरल डेंसिटी), रक्त शर्करा की निःशुल्क जांच के साथ आयुर्वेद, योग, नेचुरोपैथी, पंचकर्म एवं षटकर्म संबंधी परामर्श दिया गया।

डॉ. नागेंद्र नारायण शर्मा ने बताया कि अपच, कब्ज, शारीरिक श्रम की कमी तथा कैल्शियम, आयरन एवं विटामिन की कमी स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का कारण बन सकती है। उन्होंने दिनचर्या नियमित रखने, संतुलित एवं पोषक आहार लेने तथा नशे से दूर रहने की सलाह दी।

शिविर में वातशामक काढ़ा, स्वास्थ्य पुस्तिका एवं मधुमेह संबंधी परामर्श भी उपलब्ध कराया गया। आयोजन में पंचकर्म तकनीशियन पिंकी बरेठ, शैल कुमारी निषाद, औषधालय संचालिका प्रतिभा शर्मा सहित लायंस क्लब के पदाधिकारियों और सहयोगियों ने महत्वपूर्ण योगदान दिया। शिविर का उद्देश्य लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना और आयुर्वेदिक चिकित्सा पद्धति के प्रति प्रोत्साहित करना रहा।