अमर भारद्वाज सह-स्टेट हेड छत्तीसगढ़ डीएम इंडिया न्यूज़

(कोरबा-गेवरा)लौह पुरुष भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती एवं राष्ट्रीय एकता दिवस के शुभ अवसर पर केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF), इकाई एसईसीएल बिलासपुर द्वारा राष्ट्रीय एकता, अखंडता एवं भाईचारे का संदेश देने के उद्देश्य से उत्साहपूर्वक ‘रन फॉर यूनिटी’ (एकता दौड़) कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ इकाई प्रभारी श्री रघुवीर नरेन, उपमहानिरीक्षक द्वारा हरी झंडी दिखाकर किया गया। एकता दौड़ इकाई लाइन गेवरा से प्रारंभ होकर शक्तिनगर होते हुए पुनः गेवरा इकाई लाइन पहुँचकर संपन्न हुई।


इस अवसर पर CISF के अधिकारियों एवं बल सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं सामूहिक शक्ति के प्रति अपनी प्रतिबद्धता प्रदर्शित की।


कार्यक्रम के समापन अवसर पर उपमहानिरीक्षक ने उपस्थित बल सदस्यों को संबोधित करते हुए कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने अपने अदम्य साहस, दूरदर्शिता एवं दृढ़ संकल्प से देश की विभिन्न रियासतों को एक सूत्र में पिरोकर अखंड भारत की मजबूत नींव रखी थी। उनका जीवन हम सभी के लिए राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने की प्रेरणा देता है।


उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय एकता केवल एक विचार नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य और राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति है। भाषा, क्षेत्र, धर्म एवं संस्कृति की विविधताओं के बावजूद हम सभी की पहचान एक भारतीय के रूप में है। CISF का प्रत्येक बल सदस्य देश की महत्वपूर्ण संपत्तियों की सुरक्षा के साथ-साथ राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता को अक्षुण्ण बनाए रखने के लिए सदैव प्रतिबद्ध है।

उन्होंने अपने संबोधन में एकता का संदेश देते हुए कहा—

“अनेकता में एकता ही भारत की पहचान है,

अखंडता और भाईचारा ही राष्ट्र का स्वाभिमान है।

जब कदम मिलाकर आगे बढ़ेगा हर हिंदुस्तानी,

तभी सशक्त और समृद्ध बनेगा हमारा हिंदुस्तान।”


कार्यक्रम के माध्यम से सभी को आपसी सद्भाव, अनुशासन, भाईचारे एवं राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना को और अधिक सुदृढ़ करने का संदेश दिया गया।