बालको के वरुण पांडेय बने उपमहामंत्री, देशभर के 24 उद्योगों व खान क्षेत्रों के प्रतिनिधि हुए शामिल

दिब्येन्दु मृधा संपादक डीएम इंडिया न्यूज़

(कोरबा) भारतीय मजदूर संघ की औद्योगिक इकाई भारतीय खनिज धातु मजदूर महासंघ की दो दिवसीय 57वीं केंद्रीय कार्यसमिति बैठक झारखंड के लोहरदगा में सम्पन्न हुई। बैठक भारतीय मजदूर संघ के अखिल भारतीय महामंत्री सुरेंद्र कुमार पांडेय के मार्गदर्शन तथा महासंघ अध्यक्ष चंद्रशेखर पंडित की अध्यक्षता में आयोजित की गई।

बैठक में संगठन के विस्तार और सुदृढ़ीकरण को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। कार्यसमिति की सर्वसम्मति से राजस्थान के देवेंद्र सारस्वत को कार्यकारी अध्यक्ष, कोरबा छत्तीसगढ़ के वरुण पांडेय को उपमहामंत्री, राजस्थान के प्रतीक सिंह राणावत को संगठन मंत्री, मध्यप्रदेश के राम नरेश भारती को कार्यालय मंत्री तथा झारखंड के उमेश को सह मंत्री का दायित्व सौंपा गया।

बैठक में माइनिंग सेक्टर एवं विभिन्न उद्योगों में मजदूरों और यूनियनों की भागीदारी, श्रम कानूनों तथा श्रमिक हितों से जुड़े विषयों पर विस्तार से चर्चा-विमर्श किया गया। साथ ही नॉन-कोल क्षेत्र में कार्यरत मजदूरों की समस्याओं को लेकर देशभर में आंदोलन की रूपरेखा तैयार की गई।

मंच संचालन महासंघ महामंत्री भोला सोनी ने किया। बैठक में नॉन-कोल सह प्रभारी डीके पांडेय, झारखंड के क्षेत्रीय संगठन मंत्री धर्मदास शुक्ला, प्रांत संघचालक सच्चिदानंद, झारखंड प्रदेश महामंत्री राजीव रंजन सहित बालको से सुरेंद्र शर्मा (उपाध्यक्ष), प्रशांत शेंडे (कार्यकारी सदस्य) और विश्वजीत मंडल (मीडिया प्रभारी) उपस्थित रहे। देश के विभिन्न हिस्सों से 24 उद्योगों एवं खान क्षेत्रों के प्रतिनिधियों ने बैठक में सहभागिता की।