अमर भारद्वाज सह-स्टेट हेड छत्तीसगढ़ डीएम इंडिया न्यूज़

(कोरबा-बिरदा) जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष करने के बाद 12 वर्षीय परी महंत के सकुशल घर लौटने पर ग्राम बिरदा में खुशियों का माहौल छा गया। परी के स्वागत के लिए बिरदा सहित आसपास के गांवों से सैकड़ों ग्रामीण पहुंचे। बच्ची को स्वस्थ देखकर परिजनों और ग्रामीणों के चेहरे खिल उठे।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम बिरदा निवासी दीपक महंत की पुत्री परी रात में सो रही थी।

इसी दौरान रात करीब 2 बजे जहरीला कॉमन करैत सांप उसके बिस्तर पर चढ़ गया और उसे चार बार डस लिया। बच्ची की हालत बिगड़ने पर परिवार में हड़कंप मच गया। संकट की इस घड़ी में जनपद सदस्य फूलचंद कश्यप ने परिजनों को जिला मेडिकल कॉलेज में तत्काल उपचार कराने की सलाह दी। समय पर अस्पताल पहुंचने और चिकित्सकों के उपचार के बाद परी की हालत में सुधार हुआ और वह स्वस्थ होकर घर लौट आई।

परी की वापसी पर आयोजित स्वागत समारोह में जनपद सदस्य फूलचंद कश्यप, सरपंच शकुंतला कंवर और बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। फूलचंद कश्यप ने परी के स्वस्थ होने पर खुशी जताते हुए इसे पूरे क्षेत्र के लिए राहत भरा क्षण बताया। सरपंच शकुंतला कंवर ने भी बच्ची के उज्ज्वल भविष्य और अच्छे स्वास्थ्य की कामना की। ललित मोहन राजवाड़े ने भी प्रसन्नता व्यक्त की।

इस दौरान अशोक राजवाड़े ने ग्रामीणों से अपील की कि सांप के काटने पर झाड़-फूंक या घरेलू उपचार में समय बर्बाद न करें। पीड़ित को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर चिकित्सकीय उपचार दिलाएं, क्योंकि सर्पदंश में देरी जानलेवा हो सकती है।

परी की सकुशल वापसी ने गांव में मानवीय संवेदना और एकजुटता की मिसाल पेश की। ग्रामीणों ने बच्ची के स्वस्थ जीवन की कामना करते हुए इस खुशी को पूरे गांव का उत्सव बना दिया।