दिब्येन्दु मृधा संपादक डीएम इंडिया न्यूज़

(कोरबा)कोरबा प्रेस क्लब के सत्र 2026-28 के लिए संपन्न चुनाव में सह सचिव पद के परिणाम घोषित कर दिए गए हैं। इस पद के लिए हुए त्रिकोणीय मुकाबले में वरिष्ठ पत्रकार हरीश तिवारी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 72 मत प्राप्त कर जीत हासिल की। परिणाम घोषित होते ही उनके समर्थकों, शुभचिंतकों और पत्रकार साथियों में खुशी की लहर दौड़ गई।


निर्वाचन अधिकारियों द्वारा जारी आधिकारिक परिणाम के अनुसार सह सचिव पद के लिए हरीश तिवारी, नीलम पड़वार और रमेश वर्मा मैदान में थे। मतगणना के बाद हरीश तिवारी को सर्वाधिक 72 वोट प्राप्त हुए। वहीं नीलम पड़वार को 46 मत और रमेश वर्मा को 45 वोट मिले। इस तरह हरीश तिवारी ने अपने दोनों प्रतिद्वंद्वियों पर स्पष्ट बढ़त बनाते हुए सह सचिव पद पर विजय प्राप्त की।


चुनाव परिणाम की घोषणा होते ही प्रेस क्लब परिसर में उत्साहपूर्ण माहौल देखने को मिला। समर्थकों ने हरीश तिवारी का फूल-मालाओं से स्वागत किया तथा मिठाई खिलाकर जीत की खुशी साझा की। पत्रकार साथियों और वरिष्ठ सदस्यों ने भी उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए सफल कार्यकाल की कामना की।


विजय के बाद हरीश तिवारी ने सभी मतदाता पत्रकारों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि साथियों ने जिस विश्वास और समर्थन के साथ उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी है, उस पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे। उन्होंने प्रेस क्लब के विकास, पत्रकार हितों की सुरक्षा और संगठन को और अधिक मजबूत एवं सक्रिय बनाने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करने का संकल्प दोहराया।


उल्लेखनीय है कि कोरबा प्रेस क्लब चुनाव की पूरी प्रक्रिया मुख्य चुनाव अधिकारी एवं निर्वाचन टीम की निगरानी में शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न हुई। चुनाव परिणामों के बाद प्रेस क्लब के सदस्यों ने लोकतांत्रिक प्रक्रिया की सराहना करते हुए नव-निर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई और शुभकामनाएं दीं।