कृष्णा पाण्डेय जिला ब्यूरो चीफ जीपीएम 

(गौरेला-पेंड्रा-मरवाही) भारत स्काउट्स एवं गाइड्स राज्य कार्यालय रायपुर के निर्देशानुसार देश की सीमाओं पर 24 घंटे कर्तव्य निभा रहे भारतीय सैनिकों के सम्मान एवं उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने के उद्देश्य से जिले में “ऑपरेशन सिपाही रक्षा सूत्र” अभियान चलाया गया। अभियान के तहत जिले की विभिन्न शालाओं की छात्राओं द्वारा सैनिक भाइयों के लिए रक्षा सूत्र एकत्र किए गए। भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के सौजन्य से एकत्रित 1091 राखियों से भरे कार्टून को कलेक्टर श्री विजय दयाराम के. ने अपनी शुभकामनाओं के साथ भारतीय सैनिकों के लिए “ऑपरेशन रक्षा सूत्र” के अंतर्गत रवाना किया। 

     इस अवसर पर उन्होंने कहा कि देश की सीमाओं की रक्षा में तैनात हमारे सैनिक कठिन परिस्थितियों में भी पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हैं। छात्राओं द्वारा सैनिक भाइयों के लिए भेजा गया यह रक्षा सूत्र उनके प्रति सम्मान, स्नेह और कृतज्ञता की भावना का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के प्रेम का पर्व ही नहीं, बल्कि यह सुरक्षा, विश्वास और अपनत्व की भावना को भी मजबूत करता है। देश की रक्षा में जुटे सैनिकों तक छात्राओं की ओर से भेजी गई राखियां निश्चित रूप से उन्हें परिवार और समाज के स्नेह का एहसास कराएंगी। इस अवसर पर जिला मुख्य आयुक्त नीरज जैन, जिला शिक्षा अधिकारी रजनीश तिवारी, बीआरसी गौरेला संतोष सोनी, जिला संगठन आयुक्त गाइड अर्चना सैमुएल मसीह, जिला संगठन आयुक्त स्काउट मोरध्वज सप्रे, गाइड कैप्टन मीनू देवांगन सहित गाइड्स उपस्थित थे।