नगर विधायक अमर अग्रवाल ने सेवानिवृत्त संयुक्त संचालक राकेश जायसवाल एवं पूर्व जिला शिक्षा अधिकारी अजय कौशिक को भी शाल-श्रीफल भेंटकर किया सम्मानित

चंद्र कुमार निणे॔जक जिला ब्यूरो चीफ बिलासपुर

(बिलासपुर) सेवा से संकल्प अभियान के अंतर्गत हमर बिलासपुर सोशल मीडिया ग्रुप द्वारा संचालित ‘स्वच्छ बिलासपुर–आपकी बात’ रचनात्मक पहल में स्वच्छता को लेकर उत्कृष्ट सुझाव एवं नवाचार प्रस्तुत करने वाले पांच प्रतिभागियों को नगर विधायक एवं पूर्व मंत्री अमर अग्रवाल ने सम्मानित किया। इस अवसर पर हमर बिलासपुर ग्रुप के वरिष्ठ सदस्य एवं सेवानिवृत्त अधिकारियों राकेश जायसवाल तथा पूर्व जिला शिक्षा अधिकारी अजय कौशिक का उनकी दीर्घकालीन सेवाओं के लिए सम्मान किया गया। साथ ही दिल्ली में आयोजित DAV नेशनल गेम्स में 50 पदक जीतकर बिलासपुर का गौरव बढ़ाने वाले DAV पब्लिक स्कूल के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया।

स्वच्छ बिलासपुर के लिए पांच सर्वश्रेष्ठ सुझाव देने वाले प्रतिभागी सम्मानित

जिलाकलेक्टर संजय अग्रवाल की प्रेरणा से हमर बिलासपुर सोशल मीडिया ग्रुप में ‘स्वच्छ बिलासपुर–आपकी बात’ अभियान के तहत नागरिकों से शहर की स्वच्छता एवं सुंदरता को बेहतर बनाने के लिए सुझाव और नवाचार आमंत्रित किए गए थे। 24 अक्टूबर तक प्राप्त सुझावों में से 33 उत्कृष्ट विचार अंतिम चरण के लिए निर्णायक समिति के समक्ष प्रस्तुत किए गए। समिति द्वारा चयनित पांच सर्वश्रेष्ठ सुझावों के प्रस्तुतकर्ताओं को स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया गया।

पुरस्कृत प्रतिभागियों में आशीष वाजपेयी (टिकरापारा), मोनू रजक (अधिवक्ता), दीपाली दुआ (इनर व्हील क्लब), रजनीश ताम्रकार (व्यवसायी एवं सामाजिक कार्यकर्ता) तथा विजेंद्र तिवारी (अधिवक्ता एवं सामाजिक कार्यकर्ता) शामिल रहे।

निर्णायक समिति में राजीव लोचन तिवारी, राधाकिशन शर्मा, विकास चौबे एवं रौनक साव शामिल थे। अमर अग्रवाल ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि आधुनिक तकनीक के इस दौर में सोशल मीडिया का उपयोग केवल संवाद तक सीमित न रहकर समाज और शहर के विकास से जुड़े रचनात्मक कार्यों के लिए भी किया जाना चाहिए।

सेवानिवृत्त अधिकारियों की दीर्घकालीन सेवाओं का सम्मान

राजेंद्र नगर स्थित विधायक निवास में हमर बिलासपुर ग्रुप के वरिष्ठ सदस्य एवं नगरीय प्रशासन विभाग के सेवानिवृत्त संयुक्त संचालक राकेश जायसवाल तथा पूर्व जिला शिक्षा अधिकारी अजय कौशिक को शाल, श्रीफल एवं स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया गया।

अमर अग्रवाल ने राकेश जायसवाल की कार्यशैली, कर्तव्यनिष्ठा एवं प्रशासनिक दक्षता की सराहना करते हुए कहा कि नगरीय प्रशासन मंत्री के रूप में उनके कार्यकाल के दौरान जायसवाल ने एक सजग एवं जिम्मेदार अधिकारी के रूप में अपने दायित्वों का निर्वहन किया। वहीं अजय कौशिक ने अपने संपूर्ण सेवाकाल में शिक्षा व्यवस्था के सुधार तथा विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया। वे विद्यार्थी परिषद से भी जुड़े रहे हैं।

 अग्रवाल ने कहा कि दोनों अधिकारियों का अनुभव, समर्पण और सेवाभाव समाज के लिए प्रेरणादायी है। उन्होंने सेवानिवृत्ति के पश्चात दोनों के स्वस्थ, सुखद एवं मंगलमय जीवन की कामना की।


DAV नेशनल गेम्स में 50 पदक जीतने वाले विद्यार्थियों का सम्मान

कार्यक्रम के दौरान दिल्ली में आयोजित DAV नेशनल गेम्स में शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 50 पदक जीतकर बिलासपुर को गौरवान्वित करने वाले DAV पब्लिक स्कूल बिलासपुर के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को भी श्री अमर अग्रवाल ने अपने निवास कार्यालय में सम्मानित किया।

विद्यालय के विद्यार्थियों ने प्रतियोगिता में 15 स्वर्ण, 24 रजत एवं 11 कांस्य पदक सहित कुल 50 पदक अर्जित किए। इस उपलब्धि पर विद्यार्थियों को बधाई देते हुए अमर अग्रवाल ने कहा कि शिक्षकों का मार्गदर्शन और माता-पिता का सहयोग ही बच्चों को सफलता की ऊंचाइयों तक पहुंचाता है। ये प्रतिभाशाली विद्यार्थी बिलासपुर की अनमोल पूंजी हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार खेलो इंडिया सहित विभिन्न योजनाओं के माध्यम से खेल प्रतिभाओं को निरंतर प्रोत्साहित कर रही है।

श्री अग्रवाल ने कहा कि उनके तीनों बच्चों ने भी DAV में ही शिक्षा प्राप्त की है। शिक्षक बच्चों के ज्ञान के साथ-साथ उनके व्यक्तित्व एवं भविष्य का भी निर्माण करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों की उपलब्धि के लिए विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों एवं अभिभावकों को बधाई दी।

इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य के. पार्थीपन, शिक्षक सुब्रत तिवारी, डी.वी.एस.आर. मूर्ति, विपिन बिहारी सिंह एवं विद्यार्थियों के अभिभावक उपस्थित रहे।कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष दीपक सिंह ठाकुर, प्रवीण दुबे, किशोर राय, तारकेश्वर सिन्हा, सूर्यकांत गुप्ता, मनीष शुक्ला, मनीष अग्रवाल, अमित सिन्हा, भूपेंद्र कौशिक देवी चंद्राकर, वासुदेव पांडे, रोशन सिंह, दुर्गेश पांडेय, लाला भाभा सहित हमर बिलासपुर सोशल मीडिया ग्रुप के सदस्य, सम्मानित प्रतिभागी, विजेता विद्यार्थियों के अभिभावक, गणमान्य नागरिक तथा स्कूल शिक्षा, महिला एवं बाल विकास एवं नगरीय प्रशासन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।