मौके से फरार हुआ मोटरसाइकिल चालक, 53,750 रुपये का सामान बरामद

सदानंद कुमार प्रउहा सह-संपादक डीएम इंडिया न्यूज़

(कोरबा) पसान क्षेत्र के ग्राम पीकरकुंडा में पुलिस ने अवैध शराब परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 45 लीटर अंग्रेजी शराब जब्त की है। शराब के साथ एक मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है। मामले में पुलिस ने अपराध दर्ज कर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।


पुलिस के अनुसार 20 सितंबर 2026 को रात करीब 8 बजे मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम पीकरकुंडा में नोहर सिंह ओरकेरा के घर के पास सीसी रोड पर एक व्यक्ति हीरो एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 16 सीएच 0396 से भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब लेकर पहुंचा है और ग्राहकों को शराब बेचने की तैयारी में है।


सूचना पर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले व नीतिश ठाकुर तथा एसडीओपी कटघोरा विजय राजपूत के मार्गदर्शन में चौकी कोरवी प्रभारी सउनि सुरेश कुमार जोगी के नेतृत्व में टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही मोटरसाइकिल के पास खड़ा व्यक्ति मौके से फरार हो गया।


तलाशी के दौरान पुलिस ने पांच खाकी रंग के कार्टून बरामद किए, जिनमें कुल 250 नग अंग्रेजी गोवा व्हिस्की शराब मिली। प्रत्येक बोतल 180 एमएल की थी। शराब मध्यप्रदेश निर्मित बताई गई है। इसकी कुल मात्रा 45 लीटर और कीमत 33,750 रुपये आंकी गई है। इसके अलावा करीब 20 हजार रुपये कीमत की मोटरसाइकिल भी जब्त की गई। कुल जब्ती 53,750 रुपये की है।


पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। मोटरसाइकिल के आरटीओ परीक्षण के बाद आरोपी के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जाएगी।