(दिल्ली) 26 जनवरी गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर The IndianToptics Foundation की टीम द्वारा बदरपुर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत जैतपुर गांव में एक प्रेरणादायी जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों को सामाजिक सरोकारों, नागरिक कर्तव्यों एवं राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका के प्रति जागरूक करना रहा। टीम के सदस्यों ने छात्रों से संवाद करते हुए संस्था द्वारा संचालित विभिन्न सामाजिक कार्यों एवं योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी।

इस अवसर पर छात्रों को The IndianToptics Foundation के 8 प्रमुख प्रोजेक्ट्स से अवगत कराया गया, जिनमें शिक्षा के प्रसार, स्वास्थ्य सेवाओं, स्वच्छता अभियान, महिला सशक्तिकरण तथा पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी महत्वपूर्ण पहलें शामिल रहीं। संस्था ने बताया कि इन प्रोजेक्ट्स के माध्यम से समाज के अंतिम व्यक्ति तक सकारात्मक बदलाव पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

कार्यक्रम के दौरान छात्रों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए सरकारी परीक्षाओं की तैयारी हेतु कैरियर काउंसलिंग सत्र भी आयोजित किया गया, जिसमें प्रतियोगी परीक्षाओं की रणनीति, समय प्रबंधन एवं मार्गदर्शन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा की गईं। इसके साथ ही “Traffic Pathshala” पर विशेष चर्चा की गई, जिसमें बदरपुर क्षेत्र में बढ़ती ट्रैफिक समस्याओं को कम करने के लिए जनजागरूकता, नियमों के पालन एवं व्यावहारिक समाधान पर विचार-विमर्श किया गया।

छात्रों को अपने क्षेत्र को स्वच्छ बनाए रखने, डस्टबिन के सही उपयोग को बढ़ावा देने तथा स्वच्छता के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया गया। संवाद के दौरान छात्रों ने “नन्हे शिक्षा अभियान” के तहत छोटे बच्चों को निःशुल्क शिक्षा देने की पहल में संस्था के साथ जुड़ने की इच्छा व्यक्त की।

इस कार्यक्रम से प्रेरित होकर कई छात्रों ने The IndianToptics Foundation के साथ वॉलंटियर के रूप में जुड़कर समाजसेवा करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्र निर्माण में युवाओं की सक्रिय भागीदारी के संदेश के साथ हुआ।