चंद्र कुमार निर्णेजक जिला ब्यूरो चीफ बिलासपुर

(बिलासपुर)बिलासपुर नगर निगम में जनप्रतिनिधि और इंजीनियरों के बीच विवाद गहराता जा रहा है। मेयर-इन-काउंसिल की हालिया बैठक में एक पार्षद द्वारा निगम के एक इंजीनियर को कथित रूप से "मक्कार" कहे जाने के विरोध में सोमवार को नगर निगम के सभी इंजीनियर एकजुट होकर विरोध दर्ज कराया। इंजीनियरों ने इसे पूरे तकनीकी अमले का अपमान बताते हुए नगर निगम आयुक्त और जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर संबंधित जनप्रतिनिधि से सार्वजनिक माफी और उचित कार्रवाई की मांग की।

सोमवार को आयोजित बैठक में इंजीनियरों ने पूरे घटनाक्रम पर चर्चा करते हुए कहा कि अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग तथा सार्वजनिक रूप से अपमानित करना किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। उनका कहना था कि निगम के इंजीनियर शासन की नीतियों और नियमों के अनुरूप अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हैं, इसलिए उनके सम्मान और गरिमा की रक्षा भी आवश्यक है।

नगर निगम अभियंता राजकुमार मिश्रा ने कहा कि यदि संबंधित जनप्रतिनिधि द्वारा सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगी गई और उचित कार्रवाई नहीं हुई, तो इंजीनियर उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। इसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन और संबंधित पक्ष की होगी।

बैठक के बाद इंजीनियरों के प्रतिनिधिमंडल ने नगर निगम आयुक्त को ज्ञापन सौंपा। आयुक्त ने आश्वस्त किया कि पूरे मामले की जानकारी नगर प्रशासन एवं विकास विभाग को भेजी जाएगी तथा विभाग से प्राप्त निर्देशों के अनुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

इसके बाद प्रतिनिधिमंडल जिला कलेक्ट्रेट पहुंचा और कलेक्टर को भी ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच तथा संबंधित जनप्रतिनिधि के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की मांग की। फिलहाल इस विवाद को लेकर नगर निगम में चर्चाओं का दौर जारी है और अब सभी की निगाहें प्रशासन एवं नगर प्रशासन विभाग की आगामी कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।