संयुक्त बैठक के बाद वार्डों का किया निरीक्षण, जर्जर लाइन, खंभों और ट्रांसफार्मरों के शीघ्र सुधार के दिए निर्देश

धनेश देवांगन बिलासपुर संभाग ब्यूरो चीफ

(कोरबा)नगर पालिका परिषद बांकीमोंगरा में विद्युत व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में शुक्रवार को महत्वपूर्ण पहल की गई। पालिका अध्यक्ष सोनी विकास झा की अध्यक्षता में आयोजित संयुक्त समीक्षा बैठक में विद्युत विभाग के अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं पालिका प्रशासन ने नगर की वर्षों पुरानी बिजली संबंधी समस्याओं पर विस्तार से चर्चा कर उनके समाधान के लिए चरणबद्ध एवं समयबद्ध कार्ययोजना तैयार की।

बैठक में लगातार बिजली कटौती, जर्जर विद्युत लाइनें, क्षतिग्रस्त खंभे, खराब ट्रांसफार्मर, पेड़ों की बढ़ी हुई शाखाओं से बाधित विद्युत आपूर्ति सहित अन्य तकनीकी समस्याओं पर गंभीर मंथन किया गया। विभिन्न वार्डों के पार्षदों और जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याएं रखते हुए त्वरित कार्रवाई की मांग की।


बैठक में अधीक्षण अभियंता राजकुमार सोनकर, कार्यपालन अभियंता राजेश कुमार चौहान, सहायक अभियंता भगत राम कंवर, लाइनमैन गोविंद सोनवानी सहित विद्युत विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं नगर पालिका के सीएमओ, उपाध्यक्ष, पार्षद, पीआईसी सदस्य, एल्डरमैन, सांसद प्रतिनिधि, नेता प्रतिपक्ष तथा कांग्रेस एवं भाजपा के वरिष्ठ जनप्रतिनिधियों ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई।


विद्युत विभाग के अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि बैठक में चिन्हित सभी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निराकरण किया जाएगा। इसके लिए आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करते हुए विद्युत व्यवस्था को अधिक सुरक्षित, सुचारु और भरोसेमंद बनाने की दिशा में प्रभावी कार्यवाही की जाएगी।


बैठक के बाद पालिका अध्यक्ष सोनी विकास झा ने अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ नगर के विभिन्न वार्डों का स्थल निरीक्षण भी किया। निरीक्षण के दौरान जर्जर तारों, क्षतिग्रस्त विद्युत खंभों, ट्रांसफार्मरों तथा पेड़ों की छंटाई से जुड़े कार्यों का मौके पर जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही प्राथमिकता वाले कार्यों को तत्काल शुरू करने के निर्देश भी दिए गए।


बैठक के समापन पर सभी पक्षों की सहमति से एक कार्यवाही एवं सहमति पत्र तैयार किया गया, जिसके माध्यम से तय समयसीमा के भीतर बिजली संबंधी समस्याओं के निराकरण की नियमित समीक्षा और प्रभावी निगरानी की जाएगी।


पालिका अध्यक्ष की इस पहल का क्षेत्रवासियों ने स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि लंबे समय से चली आ रही बिजली संबंधी समस्याओं का शीघ्र समाधान होगा और नगर की विद्युत व्यवस्था पहले की तुलना में अधिक सुदृढ़ एवं व्यवस्थित बनेगी।