तीन वर्षों में MSP ₹258 प्रति क्विंटल बढ़ा, राज्य की अंतर सहायता ₹917 से घटकर ₹659 हुई; धान खरीदी केंद्रों की लिमिट और टोकन व्यवस्था पर भी जताई नाराजगी 

चंद्र कुमार निणे॔जक जिला ब्यूरो चीफ बिलासपुर

(बिलासपुर) धान खरीदी और किसानों को मिलने वाली सहायता राशि को लेकर कांग्रेस नेता एवं बेलतरा विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी विजय केशरवानी ने राज्य सरकार से कई सवाल किए हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा नेता कृषक उन्नति योजना के तहत किसानों को प्रति एकड़ ₹13,839 सहायता देने का दावा कर रहे हैं, लेकिन सरकार को यह भी बताना चाहिए कि केंद्र सरकार द्वारा MSP में की गई बढ़ोतरी का वास्तविक लाभ किसानों को कितना मिला है।

केशरवानी ने कहा कि वर्ष 2023-24 में सामान्य धान का MSP ₹2,183 प्रति क्विंटल था, जो वर्ष 2026-27 में बढ़कर ₹2,441 हो गया है। यानी तीन वर्षों में ₹258 की वृद्धि हुई। वहीं ₹3,100 की घोषित कुल दर से तुलना करने पर राज्य की अंतर सहायता ₹917 से घटकर ₹659 रह गई। उनके अनुसार यदि पुरानी अंतर सहायता बरकरार रहती तो किसानों को ₹3,358 प्रति क्विंटल मिल सकते थे। उन्होंने इसे तुलनात्मक गणना बताते हुए सरकार से सहायता राशि का आधार स्पष्ट करने की मांग की।

   उन्होंने कहा कि 21 क्विंटल प्रति एकड़ के मान से पहले ₹19,257 सहायता बनती थी, जबकि वर्तमान गणना के अनुसार ₹13,839 मिलती है। इस तरह ₹5,418 प्रति एकड़ का अंतर सामने आता है। सरकार को कृषक उन्नति योजना की पात्रता, रकबा सत्यापन और भुगतान की प्रक्रिया सार्वजनिक करनी चाहिए। पहाड़ी क्षेत्रों के किसानों को भी वास्तविक उत्पादन और भौगोलिक परिस्थितियों के अनुसार योजना का लाभ मिलना चाहिए।

केशरवानी ने धान खरीदी केंद्रों में कम दैनिक लिमिट और टोकन की समस्या पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि किसान खाद, बीज, मजदूरी और डीजल के लिए कर्ज लेकर खेती करते हैं। समय पर धान नहीं बिकने से उन्हें कर्ज चुकाने और अगली फसल की तैयारी में परेशानी होती है। सरकार को खरीदी केंद्रों की क्षमता बढ़ाकर पर्याप्त टोकन जारी करने चाहिए, ताकि प्रत्येक पात्र किसान अपनी पूरी उपज बेच सके।

उन्होंने मांग की कि MSP में हुई बढ़ोतरी और राज्य की अंतर सहायता का पूरा हिसाब सार्वजनिक किया जाए, सहायता योजना के नियम स्पष्ट किए जाएं तथा निर्धारित अवधि में किसानों का पूरा धान खरीदा जाए। केशरवानी ने कहा कि किसानों को केवल घोषणाएं नहीं, बल्कि समय पर खरीदी, उचित सहायता और भुगतान चाहिए। समस्याओं का समाधान नहीं होने पर कांग्रेस किसानों के साथ चरणबद्ध आंदोलन करेगी और बेलतरा विधानसभा क्षेत्र में किसान जनआंदोलन खड़ा करेगी।