देवेन्द्र कुमार खूंटे रिपोर्टर कोरबा

(कोरबा) विश्व हृदय दिवस के अवसर पर स्वस्थ भारत समृद्ध भारत अभियान एवं ‘चलो आयुर्वेद की ओर’ मिशन के तहत संयुक्त रूप से निःशुल्क आयुर्वेदिक स्वास्थ्य शिविर का आयोजन महानदी कॉम्प्लेक्स, निहारिका रोड स्थित पतंजलि चिकित्सालय एवं श्री शिव औषधालय में किया गया। शिविर में 63 मरीजों को चिकित्सकीय परामर्श एवं उपचार प्रदान किया गया।

आयुष मेडिकल एसोसिएशन, लायंस क्लब कोरबा एवरेस्ट, आरोग्य भारती, भारत विकास परिषद एवं विश्व हिंदू परिषद के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित शिविर का शुभारंभ भारत माता एवं भगवान धनवंतरी के चित्र पर माल्यार्पण तथा दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। शिविर में हृदय रोग सहित स्त्री, पुरुष एवं बच्चों के सामान्य, कष्टसाध्य एवं असाध्य रोगों के लिए आयुर्वेदिक, नेचुरोपैथी, पंचकर्म, षटकर्म, योग एवं ग्रह चिकित्सा संबंधी परामर्श दिया गया।

संस्थान के प्रमुख चिकित्सक नाड़ी वैद्य डॉ. नागेंद्र नारायण शर्मा ने कहा कि “हृदय रहेगा स्वच्छ तो आप रहेंगे स्वस्थ।” उन्होंने लोगों को हृदय की नियमित देखभाल, संतुलित आहार एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की सलाह दी।

शिविर में निःशुल्क ईसीजी, ब्लड प्रेशर एवं मधुमेह की जांच की गई। मरीजों को अर्जुन टैबलेट एवं परीक्षित औषधियां प्रदान करने के साथ हृदय रोगों में उपयोगी अर्जुन क्षीर क्वाथ भी पिलाया गया। सडन कार्डियक अरेस्ट से बचाव के लिए नेत्र नंदन साहू ने ‘सावित्री आसन’ एवं सीपीआर थेरेपी का प्रशिक्षण दिया। हृदय रोगियों को स्वास्थ्य पुस्तिका भी वितरित की गई। आयोजन में चिकित्सकों, लायंस क्लब पदाधिकारियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने सहयोग किया।