सरिया बरमकेला क्षेत्र के खाद दुकानों में छापामार कार्यवाही

राजकमल अग्रवाल जिला ब्यूरो चीफ सारंगढ़-बिलाईगढ़

(सारंगढ़-बिलाईगढ़)खरीफ सीजन में बरमकेला एवं सरिया क्षेत्र के खाद दुकानों में खाद की कालाबाजारी करने वालों पर कलेक्टर के निर्देश पर राजस्व एवं कृषि विभाग की संयुक्त टीम ने छापमार कार्यवाही की है।कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने इस सख्त कार्यवाही से स्पष्ट सन्देश दी है कि किसानों के हितों के साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही, खाद की जमाखोरी, कालाबाजारी अथवा बिना वैध लाइसेंस के व्यापार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में उर्वरक नियंत्रण आदेश 1985 एवं आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत कड़ी दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। एसडीएम वर्षा बंसल के मार्गदर्शन में हुई इस कार्रवाई के दौरान कई उर्वरक प्रतिष्ठानों में गंभीर अनियमितताएं सामने आईं।

झिकीपाली और बड़े नवापारा के दुकानदार कर रहे थे कालाबाजारी

 सयुंक्त दल के निरीक्षण में बड़े नवापारा स्थित आयुष कृषि सेवा केंद्र में पीओएस मशीन और वास्तविक स्टॉक में भारी अंतर पाया गया। साथ ही स्टॉक में यूरिया उपलब्ध होने के बावजूद किसान को खाद नहीं देने, मूल्य सूची प्रदर्शित नहीं करने तथा आवश्यक अभिलेख संधारित नहीं करने पर प्रतिष्ठान के लाइसेंस निलंबन की अनुशंसा करते हुए कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। बड़े नवापारा में थानसुन्दर गढ़तिया के लाइसेंस की अवधि समाप्त होने के बाद भी उर्वरक व्यापार किए जाने का मामला सामने आया। स्टॉक में अंतर मिलने और नियमों के उल्लंघन पर संचालक को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया गया है। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई की जाएगी। लेखा कृषि सेवा केंद्र झिकीपाली में भी भौतिक सत्यापन के दौरान अभिलेखों की तुलना में अधिक मात्रा में उर्वरक स्टॉक पाया गया। मामले में पंचनामा तैयार कर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

सरिया और पंचधार में स्टॉक सही

वहीं किसान कृषि सेवा केंद्र, सरिया एवं अन्नपूर्णा कृषि सेवा केंद्र पंचधार में स्टॉक एवं पीओएस रिकॉर्ड सही पाए गए। अधिकारियों ने संचालकों को रिकॉर्ड संधारण और स्टॉक प्रबंधन संबंधी आवश्यक निर्देश दिए।