महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने और बैंकिंग गतिविधियों के विस्तार पर दिया गया जोर

कृष्णा पाण्डेय जिला ब्यूरो चीफ जीपीएम

(गौरेला-पेंड्रा-मरवाही)ग्रामीण क्षेत्रों में बैंकिंग सेवाओं का विस्तार करने और आम लोगों को वित्तीय योजनाओं के प्रति जागरूक बनाने के उद्देश्य से जिला अग्रणी बैंक द्वारा मरवाही विकासखंड के ग्राम अमेराटीकरा तथा पेंड्रा विकासखंड के ग्राम अड़भाड़ में वित्तीय समावेशी शिविर आयोजित किए गए। शिविरों में ग्रामीणों को बैंकिंग योजनाओं, वित्तीय सुविधाओं और स्वरोजगार से संबंधित गतिविधियों की जानकारी दी गई।


कार्यक्रम में जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक आरएस बघेल, भारतीय स्टेट बैंक पेंड्रा शाखा के मुख्य प्रबंधक सुजीत कुमार तथा जिला सहकारी केंद्रीय बैंक पेंड्रा के शाखा प्रबंधक विनय साहू ने ग्रामीणों को बैंक की विभिन्न योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने बैंकिंग सेवाओं का लाभ लेने, वित्तीय गतिविधियों को बढ़ावा देने और उपलब्ध सुविधाओं के प्रति जागरूक रहने के लिए मार्गदर्शन दिया।


अमेराटीकरा में आयोजित शिविर में जिला पंचायत सदस्य राजेश नन्दनी आर्मो, जनपद सदस्य शिम्पी साहू और सरपंच ललिता परस्ते उपस्थित रहीं। वहीं, ग्राम अड़भाड़ के शिविर में सरपंच लालचंद सोनवानी सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए।


शिविर में बैंकिंग कार्यों से जुड़ी महिलाओं को विशेष मार्गदर्शन दिया गया। उन्हें अपनी गतिविधियों का विस्तार करने, आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने और अधिक से अधिक महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए प्रोत्साहित किया गया।


इन शिविरों के माध्यम से ग्रामीणों तक बैंकिंग योजनाओं की जानकारी पहुंचाने के साथ ही महिलाओं की आर्थिक भागीदारी बढ़ाने और गांवों में वित्तीय जागरूकता को मजबूत करने पर जोर दिया गया।