धनेश देवांगन बिलासपुर संभाग ब्यूरो चीफ

(कोरबा)ग्राम बुंदेली से देवरी-शुक्लाखार होते हुए चांदनी चौक तक जर्जर सड़क और खोलार नदी के क्षतिग्रस्त पुल के नवनिर्माण की मांग को लेकर जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी एवं छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना के संयुक्त नेतृत्व में 7 अगस्त को भारी बारिश के बीच बांकी मोंगरा ढेलवाडीह मुख्य मार्ग पर शुक्लाखार चांदनी चौक पर किया गया ऐतिहासिक चक्काजाम आखिरकार रंग लाता दिखाई दे रहा है। आंदोलन के दबाव और प्रशासन द्वारा दिए गए लिखित आश्वासन के बाद आज से सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढों को पाटने एवं मेंटेनेंस का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है।

लगातार बदहाल सड़क के कारण ग्रामीणों, किसानों, स्कूली बच्चों और राहगीरों को हो रही परेशानी को लेकर दोनों संगठनों ने सड़क और पुल निर्माण की मांग को लेकर मोर्चा खोला था। मूसलाधार बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में ग्रामीण और कार्यकर्ता करीब तीन घंटे तक सड़क पर डटे रहे। आंदोलन की गंभीरता को देखते हुए कटघोरा तहसीलदार एवं प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर आंदोलनकारियों से चर्चा की और सड़क मरम्मत तथा पुल निर्माण की प्रक्रिया को लेकर लिखित आश्वासन दिया था।

चक्काजाम के दबाव में प्रशासन ने शुरू किया काम


आंदोलन के महज एक सप्ताह के भीतर सड़क के गड्ढों को भरने और क्षतिग्रस्त हिस्सों के मेंटेनेंस का कार्य शुरू होना ग्रामीणों के लिए बड़ी राहत माना जा रहा है। सड़क पर मशीनों और कर्मचारियों के माध्यम से मरम्मत कार्य शुरू होने के बाद क्षेत्र में आंदोलन की सफलता को लेकर चर्चा तेज हो गई है।


जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी के जिला सचिव महावीर यादव ने कहा कि यह सफलता उन सभी ग्रामीणों की है, जिन्होंने बारिश की परवाह किए बिना अपने अधिकार और क्षेत्र के विकास के लिए सड़क पर संघर्ष किया। उन्होंने कहा कि सड़क मरम्मत शुरू होना आंदोलन की पहली बड़ी सफलता है, लेकिन संघर्ष अभी समाप्त नहीं हुआ है।


उन्होंने कहा, “हमारी मांग केवल गड्ढे भरने तक सीमित नहीं है। खोलार नदी पर नए पुल का निर्माण भी हमारी प्रमुख मांग है। जब तक पुल निर्माण की प्रक्रिया धरातल पर शुरू नहीं होती, तब तक हम पूरे मामले की निगरानी करते रहेंगे।”


₹536.01 लाख के पुल निर्माण प्रस्ताव पर भी नजर


आंदोलन के दौरान दिए गए लिखित आश्वासन के तहत देवरी-बुंदेली मार्ग पर खोलार नदी के क्षतिग्रस्त पुल के स्थान पर नए वृहत पुल निर्माण के लिए ₹536.01 लाख का प्राक्कलन (CGRRDA/PMGSY) प्रशासनिक स्वीकृति के लिए शासन स्तर पर भेजे जाने की जानकारी दी गई है। अब आंदोलनकारी संगठन इस प्रस्ताव को स्वीकृति मिलने और निर्माण कार्य शुरू होने तक लगातार निगरानी रखने की बात कह रहे हैं।


ग्रामीणों में खुशी, आंदोलनकारियों ने बताया जनशक्ति की जीत


सड़क मरम्मत का काम शुरू होने से देवरी, शुक्लाखार, बुंदेली सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से बदहाल सड़क के कारण आवागमन में भारी परेशानी हो रही थी। बारिश के मौसम में स्थिति और भी खराब हो गई थी।


जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी एवं छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना के नेतृत्व में हुए इस आंदोलन ने यह संदेश जरूर दिया है कि जब जनहित के मुद्दे पर ग्रामीण एकजुट होकर आवाज उठाते हैं तो प्रशासन को भी कार्रवाई के लिए मजबूर होना पड़ता है। हालांकि अब निगाहें खोलार नदी के नए पुल की स्वीकृति और उसके वास्तविक निर्माण कार्य पर टिकी हैं।