भोलाशंकर रिपोर्टर कुसमुंडा कोरबा

(कोरबा)सीआईएसएफ स्थापना दिवस समारोह के अवसर पर गेवरा कैम्प में आयोजित भव्य परेड एवं प्रदर्शन कार्यक्रम में पुनर्वास ग्राम विजयनगर के मिडिल स्कूल बिंझरा के प्रधान पाठक और विद्यार्थियों को विशेष आमंत्रण दिया गया। विद्यार्थियों को यह सम्मान अन्न मेला में उनकी उल्लेखनीय प्रस्तुति तथा विद्यालय में संचालित सतत शैक्षिक गतिविधियों के कारण मिला।

कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधान पाठक सर्वेश सोनी ने सीएमडी हरिश दुहन से मुलाकात कर पुनर्वास ग्राम विजयनगर के विद्यार्थियों की बहुप्रतीक्षित और महत्वपूर्ण मांग को उनके समक्ष रखा। इस दौरान सभी अतिथियों के साथ मिलकर विद्यालय परिसर के लिए एक आम के पौधे का भी रोपण किया गया, जिससे पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।

सीआईएसएफ की महिला विंग ने भी विजयनगर मिडिल स्कूल के विद्यार्थियों की प्रतिभा और अनुशासन की सराहना की। उन्होंने बच्चों के साथ स्वल्पाहार ग्रहण किया तथा फोटो सेशन के माध्यम से अपनी खुशी व्यक्त की। बच्चों से आत्मीय संवाद कर उनका उत्साहवर्धन भी किया गया।

इस अवसर पर एचएमएस अध्यक्ष रेशमलाल यादव, सचिव रविन्द्र स्वर्णकार और तरुण राहा ने भी विजयनगर के विद्यार्थियों की प्रतिभा की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि दूरस्थ पुनर्वास ग्राम के बच्चों में अपार क्षमता है, जिन्हें उचित संसाधन और सुविधाएं मिलनी चाहिए।

साथ ही उन्होंने एसईसीएल प्रबंधन से विद्यार्थियों के लिए तत्काल बस सुविधा उपलब्ध कराने की मांग का समर्थन करते हुए पत्र भी सौंपा। उनका कहना था कि बस सुविधा मिलने से बच्चों की पढ़ाई में काफी सहूलियत होगी और वे नियमित रूप से स्कूल आ-जा सकेंगे।