“जब बाकी कार्यक्रमों में मीडिया को प्रवेश, तो सामान्य सभा में क्यों रोक?” — मधुसूदन दास

(कोरबा-बांकी मोंगरा) नगर पालिका परिषद बांकी मोंगरा की सामान्य सभा की बैठकों में स्थानीय पत्रकारों एवं मीडिया प्रतिनिधियों के प्रवेश पर कथित रोक को लेकर अब नगर पालिका के भीतर ही विरोध के स्वर तेज होने लगे हैं। सामान्य सभा की कार्यवाही से पत्रकारों को दूर रखे जाने को लेकर नेता प्रतिपक्ष मधुसूदन दास ने कड़ी नाराजगी जताते हुए मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) को पत्र सौंपा है। उन्होंने आगामी सामान्य सभा में पत्रकारों एवं मीडिया प्रतिनिधियों को प्रवेश देने की स्पष्ट मांग की है।


नेता प्रतिपक्ष मधुसूदन दास ने कहा कि बांकी मोंगरा नगर पालिका के गठन के बाद अब तक कई सामान्य सभाएं आयोजित हो चुकी हैं, लेकिन इन बैठकों में स्थानीय पत्रकारों को प्रवेश नहीं दिया जाना गंभीर सवाल खड़े करता है। उन्होंने कहा कि सामान्य सभा नगर पालिका की महत्वपूर्ण कार्यवाही होती है, जहां जनप्रतिनिधि अपने क्षेत्र की समस्याएं और जनता से जुड़े मुद्दे सदन में रखते हैं। ऐसे में यदि मीडिया को ही कार्यवाही से दूर रखा जाएगा तो आम जनता को यह जानकारी कैसे मिलेगी कि कौन जनप्रतिनिधि अपने क्षेत्र की आवाज मजबूती से उठा रहा है और कौन नहीं?


मधुसूदन दास ने तीखे अंदाज में सवाल उठाते हुए कहा कि “आखिर सामान्य सभा की कार्यवाही को पत्रकारों से दूर रखने की ऐसी क्या मजबूरी है? ऐसा क्या है जिसे जनता के सामने आने का डर है?”


उन्होंने कहा कि नगर पालिका में सामान्य सभा के अलावा अन्य बैठकों में पत्रकारों को सम्मानपूर्वक बैठने की अनुमति दी जाती है। फिर सामान्य सभा में ही मीडिया के प्रवेश पर रोक क्यों? उन्होंने इसे लोकतांत्रिक व्यवस्था और पारदर्शिता के लिहाज से गंभीर विषय बताया।


उन्होंने मांग की कि आगामी सामान्य सभा की बैठक में पत्रकारों एवं मीडिया प्रतिनिधियों को बाकायदा आमंत्रित कर सदन की कार्यवाही को कवर करने की अनुमति दी जाए, ताकि नगर पालिका के निर्णय, जनप्रतिनिधियों की भूमिका और जनता से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दे सही एवं निष्पक्ष रूप से आमजन तक पहुंच सकें।


इस दौरान पार्षद राकेश अग्रवाल, नवीन कुकरेजा एवं संदीप डहरिया ने भी पत्रकारों के प्रवेश पर कथित रोक को लेकर नाराजगी जताई। पार्षदों ने कहा कि लोकतंत्र में मीडिया को चौथा स्तंभ माना जाता है और स्थानीय निकाय की महत्वपूर्ण बैठकों से पत्रकारों को दूर रखना किसी भी स्थिति में उचित नहीं है।

पालिका गठन से अब तक सामान्य सभा में “नो-एंट्री” का आरोप

बांकी मोंगरा नगर पालिका बनने के बाद से सामान्य सभा की बैठकों में स्थानीय पत्रकारों के प्रवेश को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं। विरोध कर रहे जनप्रतिनिधियों का आरोप है कि सामान्य सभा में पत्रकारों के प्रवेश पर अघोषित रोक जैसी स्थिति बनी हुई है। इसको लेकर नगर पालिका प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए इसे लोकतांत्रिक पारदर्शिता के विपरीत बताया जा रहा है।


अब देखना यह होगा कि नेता प्रतिपक्ष की मांग और उठाए गए सवालों के बाद आगामी सामान्य सभा में नगर पालिका प्रशासन पत्रकारों एवं मीडिया प्रतिनिधियों को प्रवेश की अनुमति देता है या नहीं।