चंद्र कुमार निर्णेजक जिला ब्यूरो चीफ बिलासपुर

(बिलासपुर)राष्ट्रीय लोक अदालत के अवसर पर 12 सितंबर 2026, शनिवार को जिला न्यायालय परिसर, बिलासपुर में विशेष आयुर्वेद चिकित्सा परामर्श एवं उपचार शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर में छत्तीसगढ़ के सुप्रसिद्ध आयुर्वेद चिकित्सा विशेषज्ञ एवं नाड़ीवैद्य डॉ. नागेंद्र नारायण शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहकर अपनी चिकित्सकीय सेवाएं प्रदान करेंगे।

शिविर प्रभारी अश्विनी बुनकर ने बताया कि शिविर में आने वाले लोगों का नाड़ी परीक्षण कर उनकी स्वास्थ्य स्थिति एवं प्रकृति का परीक्षण किया जाएगा। इसके आधार पर उन्हें उनकी प्रकृति के अनुरूप आयुर्वेदिक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य संबंधी परामर्श दिया जाएगा। साथ ही उचित आहार-विहार, दैनिक दिनचर्या, योग-प्राणायाम तथा स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक सावधानियों की जानकारी भी प्रदान की जाएगी।

उन्होंने बताया कि शिविर का उद्देश्य ‘चलो आयुर्वेद की ओर’ मिशन के तहत आमजन को आयुर्वेद चिकित्सा पद्धति के प्रति जागरूक करना तथा आयुर्वेदिक स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना है। आयोजकों के अनुसार शिविर में स्वास्थ्य संबंधी मार्गदर्शन निःशुल्क प्रदान किया जाएगा।

शिविर प्रभारी अश्विनी बुनकर एवं आयोजकों ने अंचलवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में जिला न्यायालय परिसर पहुंचकर इस विशेष निःशुल्क आयुर्वेद चिकित्सा परामर्श एवं उपचार शिविर का लाभ उठाएं। शिविर से संबंधित अन्य जानकारी के लिए मोबाइल नंबर 6232275433 पर संपर्क किया जा सकता है।