विजेता प्रतिभागियों को राज्य स्तरीय युवा उत्सव में भाग लेने का मिलेगा अवसर

कृष्णा पाण्डेय जिला ब्यूरो चीफ जीपीएम 

(गौरेला-पेंड्रा-मरवाही) जिले के युवाओं की रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करने तथा उन्हें कला, संस्कृति एवं नवाचार के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन और खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा आगामी 30 एवं 31 अक्टूबर को मल्टीपरपज असेंबली हॉल पेंड्रा में दो दिवसीय जिला स्तरीय युवा उत्सव का आयोजन किया जा रहा है। युवा उत्सव में विभिन्न सांस्कृतिक, साहित्यिक एवं रचनात्मक विधाओं में जिले के युवा अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

    निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 30 अक्टूबर को विकसित भारत चैलेंज ट्रैक, चित्रकला, कविता लेखन, क्रिएटिव यूथ रील चैलेंज (नशा मुक्त भारत) एवं पारंपरिक वेशभूषा प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इसी प्रकार 31 अक्टूबर को लोक नृत्य, लोकगीत, रॉक बैंड एवं नुक्कड़ नाटक की प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। युवा उत्सव में भाग लेने वाले प्रतिभागियों की आयु 17 अगस्त 2026 की स्थिति में 15 से 29 वर्ष तथा संगतकारों की आयु 18 से 40 वर्ष निर्धारित की गई है। आयु सत्यापन के लिए प्रतिभागियों को आधार कार्ड अथवा कक्षा दसवीं की अंकसूची लाना अनिवार्य होगा।

    जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं में विजेता प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र, स्मृति चिन्ह एवं पुरस्कार राशि प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा। प्रत्येक विधा से दो विजेता दल अथवा दो प्रतिभागियों को राज्य स्तरीय युवा उत्सव में जिले का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा। जिला प्रशासन एवं खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा जिले के पात्र युवाओं से युवा उत्सव में उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी कला, प्रतिभा एवं सृजनात्मक क्षमताओं का प्रदर्शन करने की अपील की गई है। यह आयोजन युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने के साथ ही छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोककला, संस्कृति एवं परंपराओं के संरक्षण और संवर्धन के लिए एक महत्वपूर्ण मंच प्रदान करेगा।