कृष्णा पाण्डेय जिला ब्यूरो चीफ जीपीएम

(गौरेला-पेंड्रा-मरवाही) सवर्ण समाज की एकजुटता और सामाजिक समन्वय को मजबूत करने के उद्देश्य से बजरंग वाहिनी संगठन का विस्तार छत्तीसगढ़ में किया जा रहा है। इसी क्रम में वृद्धाश्रम के संचालक, दुर्गा मंदिर के प्रमुख कार्यकर्ता एवं प्रसिद्ध भागवताचार्य पंडित जितेंद्र शुक्ला को बजरंग वाहिनी का छत्तीसगढ़ प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।

बताया गया कि बजरंग वाहिनी का कार्यालय दिल्ली से संचालित होता है और संगठन देशभर में अपनी गतिविधियां संचालित करता है। यह संस्था हिंदू वाहिनी संघ की सहयोगी संस्था के रूप में धर्म की रक्षा, हिंदू समाज में एकता और संगठन को मजबूत करने के उद्देश्य से कार्य करने की बात कहती है।

प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किए गए पंडित जितेंद्र शुक्ला को भागवताचार्य जीतेन्द्राचार्य के नाम से भी जाना जाता है। वे लंबे समय से छत्तीसगढ़ के विभिन्न क्षेत्रों में श्रीमद्भागवत कथा का वाचन कर लोगों को धार्मिक एवं आध्यात्मिक संदेश देते रहे हैं।

संगठन के पदाधिकारियों के अनुसार बजरंग वाहिनी का उद्देश्य हिंदू समाज के समक्ष आने वाली समस्याओं का सामूहिक रूप से समाधान तलाशना और सामाजिक एकजुटता को बढ़ावा देना है। प्रदेश अध्यक्ष के रूप में पंडित शुक्ला रायपुर के सिंधी पारा, शंकर नगर स्थित कार्यालय से छत्तीसगढ़ में संगठन की गतिविधियों का संचालन करेंगे।

नियुक्ति के बाद संगठन से जुड़े लोगों ने उम्मीद जताई कि प्रदेश में बजरंग वाहिनी का विस्तार कर अधिक से अधिक लोगों को सामाजिक गतिविधियों से जोड़ा जाएगा।