आशीष कुमार साहू रिपोर्टर मस्तूरी बिलासपुर

(बिलासपुर-सीपत)प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की महत्वाकांक्षी प्रधानमंत्री सूर्य घर : मुफ्त बिजली योजना का लाभ ग्रामीण उपभोक्ताओं तक पहुंचाने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड द्वारा विशेष पंजीयन शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इन शिविरों के माध्यम से पात्र उपभोक्ताओं को योजना की जानकारी देने के साथ-साथ ऑन-द-स्पॉट पंजीयन की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।

विद्युत विभाग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार 15 जून 2026 को ग्राम पंचायत भवन सीपत, 17 जून 2026 को ग्राम पंचायत भवन गुड़ी तथा 19 जून 2026 को ग्राम पंचायत भवन पंधी में विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। सभी शिविर प्रातः 10 बजे से प्रारंभ होंगे।

प्रधानमंत्री सूर्य घर : मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत उपभोक्ताओं के घरों की छत पर सोलर रूफटॉप सिस्टम स्थापित किया जाता है, जिससे स्वच्छ ऊर्जा का उत्पादन होने के साथ-साथ बिजली बिल में उल्लेखनीय कमी आती है। योजना के तहत केंद्र सरकार द्वारा आकर्षक सब्सिडी का भी प्रावधान है।

शिविरों में योजना संबंधी विस्तृत जानकारी, पंजीयन, दस्तावेज सत्यापन तथा आवेदन प्रक्रिया में आवश्यक सहयोग प्रदान किया जाएगा। विद्युत विभाग ने क्षेत्र के सभी पात्र उपभोक्ताओं से शिविरों में उपस्थित होकर योजना का लाभ उठाने की अपील की है।

इस संबंध में सीपत विद्युत वितरण केंद्र के सहायक अभियंता कौशल जायसवाल ने कहा कि अधिक से अधिक नागरिक योजना से जुड़कर सौर ऊर्जा अपनाएं और बिजली खर्च में बचत के साथ ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में कदम बढ़ाएं