भोलाशंकर रिपोर्टर कुसमुंडा कोरबा

(कोरबा)दिनांक 14.07.2026 को केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) इकाई, एसईसीएल बिलासपुर के गेवरा इकाई लाइन में "एक भारत श्रेष्ठ भारत" अभियान के अंतर्गत वॉकाथॉन का आयोजन किया गया। इस आयोजन में गेवरा एवं दीपका खदान में कार्यरत बल सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

वॉकाथॉन का शुभारंभ इकाई प्रभारी रघुवीर नरेन, उप महानिरीक्षक द्वारा हरी झंडी दिखाकर किया गया। यह वॉकाथॉन गेवरा इकाई लाइन से प्रारंभ होकर विजयनगर गाँव तक पहुँचा तथा वहाँ से पुनः गेवरा इकाई लाइन में आकर संपन्न हुआ।

वॉकाथॉन के समापन अवसर पर उप महानिरीक्षक रघुवीर नरेन ने अपने संबोधन में कहा कि "एक भारत श्रेष्ठ भारत" केवल एक अभियान नहीं, बल्कि देश की विविधता में एकता, आपसी सद्भाव और राष्ट्रीय एकीकरण की भावना को सुदृढ़ करने का सशक्त माध्यम है।

ऐसे आयोजन बल सदस्यों में शारीरिक फिटनेस, अनुशासन, टीम भावना तथा राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना को और अधिक प्रबल बनाते हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा समाज में एकता, सद्भाव और राष्ट्रीय चेतना का संदेश प्रसारित करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम का आयोजन उत्साहपूर्ण एवं अनुशासित वातावरण में संपन्न हुआ। सभी प्रतिभागियों ने पूरे जोश एवं ऊर्जा के साथ वॉकाथॉन में भाग लेकर राष्ट्रीय एकता, सामाजिक समरसता तथा स्वस्थ जीवनशैली के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।