* विकासखंड स्तरीय प्रतियोगिता में संकुल गढ़उपरोड़ा का बढ़ाया मान

* जिला स्तरीय प्रतियोगिता के लिए हुआ चयन, स्कूल स्टाफ ने दी बधाई

देवेन्द्र कुमार खूंटे रिपोर्टर कोरबा

(कोरबा)"सड़क सुरक्षा जीवन रक्षा" कार्यक्रम के तहत बीते 22 अगस्त को पंप हाउस स्थित स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय में विकासखंड स्तरीय क्विज प्रतियोगिता (प्रश्न मंच) का आयोजन किया गया था। इस प्रतियोगिता में कोरबा विकासखंड के विभिन्न विद्यालयों से स्कूल स्तर पर चयनित प्रतिभावान विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया।

इस कड़े मुकाबले में शासकीय हाई स्कूल गढ़उपरोड़ा की छात्रा कुमारी जिया (कक्षा 10वीं) ने अपनी उत्कृष्ट बौद्धिक क्षमता का परिचय दिया। उन्होंने पूछे गए कठिन प्रश्नों के बेहद सटीक और त्वरित जवाब देकर प्रतियोगिता में मेरिट में तृतीय स्थान हासिल किया और अपने संकुल का नाम रोशन किया। जिया की इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर उन्हें मुख्य अतिथियों द्वारा शील्ड और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। पुरस्कार ग्रहण के दौरान विद्यालय के व्याख्याता बबलू राम यादव भी उनके साथ मौजूद रहे।

शिक्षकों और अधिकारियों ने दी बधाई

कुमारी जिया की इस सफलता पर विद्यालय के प्राचार्य गोपाल वर्मा, संकुल के सभी व्याख्याताओं और शिक्षकों ने हर्ष व्यक्त किया है। उन्होंने जिया को आगामी जिला एवं संभाग स्तरीय प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन और चयन के लिए अग्रिम बधाई व शुभकामनाएं दी हैं।

इस गरिमामयी कार्यक्रम में विकासखंड शिक्षा अधिकारी (BEO), ब्लॉक रिसोर्स को-ऑर्डिनेटर (BRC), विभिन्न स्कूलों के प्राचार्य, व्याख्याता और बड़ी संख्या में शिक्षकगण उपस्थित थे। सभी ने विजेता प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।

-