कुंजबिहारी साहू की स्मृति में प्रतिभा सम्मान समारोह; 42 छात्र-छात्राओं और खिलाड़ियों का सम्मान

अमर भारद्वाज सह-स्टेट हेड छत्तीसगढ़ डीएम इंडिया न्यूज़

(जांजगीर-चांपा)खरौद शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल खरौद में वरिष्ठ पत्रकार कुंजबिहारी साहू की स्मृति में पांचवां प्रतिभा सम्मान समारोह एवं कॅरियर मार्गदर्शन कार्यक्रम आयोजित किया गया। समारोह में प्राथमिक, मिडिल और हायर सेकेंडरी स्कूल के 42 प्रतिभावान छात्र-छात्राओं और खिलाड़ियों का सम्मान किया गया।

मुख्य अतिथि कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने कहा कि शासकीय स्कूल की प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का यह सार्थक प्रयास है। उन्होंने आयोजन समिति की पहल की सराहना करते हुए कहा कि पांच वर्षों से प्रतिभाओं को प्रोत्साहित किया जा रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन के साथ लक्ष्य निर्धारित कर लगातार मेहनत करने की अपील की।

जिला पंचायत सीईओ विनय पोयाम ने कहा कि मंच पर सम्मान मिलने से विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ता है और उन्हें आगे बेहतर करने की प्रेरणा मिलती है। अध्यक्षता कर रहे एडिशनल एसपी डॉ. यूलैंडन यार्क ने कॅरियर विकल्पों की जानकारी देते हुए कहा कि प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देने के साथ उन्हें सही मार्गदर्शन भी जरूरी है। उन्होंने साइबर और ट्रैफिक जागरूकता की जानकारी भी दी। पामगढ़ एसडीएम आरके तम्बोली ने कहा कि ऐसे आयोजन प्रत्येक स्कूल में होने चाहिए।

कॅरियर मार्गदर्शन में चाम्पा की माउंटेनर अमिता श्रीवास, 12वीं की टॉपर खुशबू देवांगन और ड्रोन दीदी हेमलता मनहर ने अपने अनुभव साझा किए। अमिता ने आठ साल की मेहनत के बाद माउंट एवरेस्ट फतह करने की कहानी बताई। खुशबू ने नियमित अध्ययन और बेहतर प्लानिंग को सफलता का आधार बताया। हेमलता ने परिवार के सहयोग से घरेलू महिला से जिले की पहली ड्रोन दीदी बनने तक का सफर साझा किया।

कार्यक्रम में विभिन्न कक्षाओं के प्रतिभावान विद्यार्थियों के साथ गाजियाबाद में आयोजित नेशनल ड्रॉप रो बॉल स्पर्धा में शामिल खिलाड़ी भानू सिदार, देवव्रत भारद्वाज और पीयूष बंजारा का भी सम्मान किया गया। कार्यक्रम का संचालन जया अग्रवाल ने किया। आभार प्राचार्य आरके गोस्वामी ने माना। आयोजन समिति के संयोजक राजकुमार साहू सहित शिक्षक, जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।