सदानंद कुमार प्रउहा सह-संपादक डीएम इंडिया न्यूज़

(बेमेतरा)छत्तीसगढ़ राज्य अल्पसंख्यक आयोग द्वारा जैन साधु-साध्वियों के पैदल विहार के दौरान उनकी सुरक्षा एवं सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से प्रदेश के सभी जिला कलेक्टरों एवं पुलिस अधीक्षकों को जारी किए गए निर्देशों का प्रदेश सहप्रभारी भाजपा सोशल मीडिया अल्पसंख्यक मोर्चा छत्तीसगढ़ आशीष जैन ने स्वागत करते हुए आयोग के अध्यक्ष अमरजीत छाबड़ा के प्रति आभार व्यक्त किया है।

आशीष जैन ने कहा कि देश के विभिन्न राज्यों में जैन साधु-साध्वियों के साथ हुई सड़क दुर्घटनाओं ने पूरे जैन समाज को अत्यंत व्यथित किया है। ऐसे समय में राज्य अल्पसंख्यक आयोग द्वारा संवेदनशीलता का परिचय देते हुए सुरक्षा संबंधी आवश्यक कदम उठाना अत्यंत प्रशंसनीय एवं जनहितकारी निर्णय है।

उन्होंने कहा कि जैन साधु-साध्वियों का विहार केवल एक धार्मिक परंपरा नहीं, बल्कि अहिंसा, संयम, तप एवं आध्यात्मिक मूल्यों का प्रतीक है। उनके विहार मार्ग पर समुचित सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराना प्रशासन का नैतिक एवं संवैधानिक दायित्व है।

आशीष जैन ने इस महत्वपूर्ण पहल के लिए छत्तीसगढ़ की विष्णु देव सरकार अल्पसंख्यक समुदायों के अधिकारों, धार्मिक स्वतंत्रता एवं जनकल्याण के प्रति निरंतर कृतसंकल्पित है। यह निर्णय प्रदेश में धार्मिक सौहार्द, सामाजिक समरसता एवं सभी समुदायों के प्रति सम्मान की भावना को और अधिक सुदृढ़ करेगा।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि राज्य अल्पसंख्यक आयोग की यह पहल भविष्य में जैन साधु-साध्वियों के सुरक्षित विहार एवं धार्मिक परंपराओं के संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी तथा अन्य राज्यों के लिए भी एक अनुकरणीय उदाहरण बनेगी।