कृष्णा पाण्डेय जिला ब्यूरो चीफ जीपीएम 

    (गौरेला-पेंड्रा-मरवाही) कलेक्टर डॉ. संतोष कुमार देवांगन ने आज साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में जनसमस्याओं एवं जनशिकायतों से संबंधित आवेदनों के विभागवार निराकरण की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त आवेदनों का गंभीरता से परीक्षण कर पात्रता एवं नियमों के अंतर्गत आने वाले प्रकरणों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करें। जिन मामलों में पात्रता नहीं बनती है, उनमें आवेदकों को नियमानुसार सूचना प्रदान कर प्रकरणों का निराकरण करते हुए टीएल सूची से विलोपित किया जाए। बैठक में कलेक्टर ने आगामी वर्षाकाल को ध्यान में रखते हुए मौसमी एवं जलजनित बीमारियों की रोकथाम के लिए आवश्यक तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को सभी स्वास्थ्य संस्थानों में पर्याप्त मात्रा में दवाइयों, चिकित्सकीय उपकरणों तथा उपचार संबंधी व्यवस्थाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही पशु चिकित्सा विभाग को पशुओं के स्वास्थ्य संरक्षण हेतु टीकाकरण अभियान में तेजी लाने कहा।

      कलेक्टर ने वर्षा जल संरक्षण एवं जल संवर्धन के लिए जिले में निर्मित एनीकट, स्टॉप डैम, डबरियों तथा अन्य जल संरचनाओं में अधिकतम जल भराव सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक तैयारियां करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संभावित कम वर्षा की स्थिति को देखते हुए अभी से कार्ययोजना तैयार की जाए, ताकि भविष्य में जल संकट की स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके। बैठक में कृषि, उद्यानिकी, मत्स्य पालन एवं पशुधन विकास विभाग के अधिकारियों को संयुक्त रूप से ग्रामीण क्षेत्रों में किसानों की बैठक आयोजित कर आवश्यक तकनीकी मार्गदर्शन एवं सहयोग प्रदान करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने कहा कि यदि वर्षा सामान्य से कम होती है तो किसानों को कम पानी में होने वाली वैकल्पिक फसलों के संबंध में जागरूक किया जाए तथा उन्हें वैज्ञानिक खेती अपनाने के लिए प्रेरित किया जाए।

        समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने समर्थन मूल्य पर खरीदे गए धान के शेष उठाव की स्थिति की जानकारी लेते हुए संबंधित समितियों से शीघ्र धान उठाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने जिले में डीजल एवं पेट्रोल की उपलब्धता, पेयजल व्यवस्था तथा किसानों के लिए खाद-बीज के उठाव एवं वितरण की स्थिति की भी समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। कलेक्टर ने सभी विभागीय अधिकारियों को शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं एवं जनहित से जुड़े कार्यों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित करने तथा आमजन की समस्याओं के निराकरण में संवेदनशीलता एवं जवाबदेही के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ मुकेश रावटे, एसडीएम पेण्ड्रारोड विक्रांत अंचल, एसडीएम मरवाही देवेन्द्र सिरमोर सहित सभी विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।