विभागीय स्टॉल लगाकर आम नागरिकों को शासकीय योजनाओं एवं सेवाओं का मिलेगा लाभ

कृष्णा पाण्डेय जिला ब्यूरो चीफ जीपीएम 

(गौरेला-पेंड्रा-मरवाही)सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार के तहत जिले के विभिन्न ग्रामों एवं नगरीय निकायों में 1 अक्टूबर से 7 अक्टूबर तक शिविरों का आयोजन किया जाएगा। इन शिविरों के माध्यम से आम नागरिकों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विभिन्न विभागीय सेवाओं की जानकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने के साथ पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से जोड़ने तथा प्राप्त आवेदनों एवं समस्याओं का यथासंभव त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा।

सेवा सेतु शिविरों में सभी संबंधित विभागों द्वारा विभागीय स्टॉल स्थापित किए जाएंगे, जहां विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहकर नागरिकों को योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी देंगे। पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ प्रदान करने, आवेदन प्राप्त करने तथा लंबित आवेदनों के नियमानुसार निराकरण की कार्यवाही की जाएगी।

          शिविरों के सफल आयोजन के लिए अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, तहसीलदार, सभी जनपदों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों और नगरीय निकायों के मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को पृथक से पत्र जारी कर शिविर स्थलों पर सभी आवश्यक व्यवस्थाऐं समय पूर्व सुनिश्चित करने निर्देश दिए गए है। साथ ही शिविरों का व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिकाधिक नागरिकों को लाभान्वित करने कहा गया है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 1 अक्टूबर को बस्ती एवं मरवाही नगर पंचायत, 3 अक्टूबर को अंधियारखोह, गौरेला नगर पालिका क्षेत्र तथा कटरा, 4 अक्टूबर को नवागांव एवं पेंड्रा नगरीय क्षेत्र, 5 अक्टूबर को देवरगांव, आमाडांड एवं बंशीताल, 6 अक्टूबर को कोटमीकला एवं गुदुमदेवरी और 7 अक्टूबर को निमधा में शिविर आयोजित किए जाएंगे।