VSK ऐप की तकनीकी खामियां दूर करने, लंबित पदोन्नति, समयमान वेतनमान एवं बैगलेस डे व्यवस्था बहाल करने की मांग

दिब्येन्दु मृधा संपादक डीएम इंडिया न्यूज़

(कोरबा) छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन, जिला कोरबा की आवश्यक बैठक बुधवार को जिला संयोजक जगदीश प्रसाद खरे की अध्यक्षता में फेडरेशन कार्यालय अंधरीकछार कोरबा में संपन्न हुई। बैठक में विभिन्न विभागों में कार्यरत कर्मचारियों एवं शिक्षकों की लंबित मांगों, सेवा संबंधी समस्याओं तथा संगठनात्मक गतिविधियों पर विस्तृत चर्चा करते हुए उनके शीघ्र निराकरण की मांग की गई।

बैठक में बीएसके (विद्या समीक्षा केंद्र) मोबाइल ऐप के माध्यम से शिक्षकों की ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज करने में आ रही तकनीकी समस्याओं पर गंभीर चिंता व्यक्त की गई। पदाधिकारियों ने कहा कि ऐप की तकनीकी खामियों के कारण अनेक शिक्षक समय पर चेक-इन एवं चेक-आउट नहीं कर पा रहे हैं, जिससे उन्हें अनावश्यक मानसिक एवं प्रशासनिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। फेडरेशन ने मांग की कि तकनीकी त्रुटियों का शीघ्र निराकरण कर ऐसी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए जिससे शिक्षकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।


बैठक में विभिन्न विभागों से सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों को सेवानिवृत्ति के समय देय समस्त स्वत्वों का समयबद्ध भुगतान सुनिश्चित करने, जिला एवं विभागीय स्तर पर परामर्शदात्री समिति की नियमित बैठकें आयोजित करने, टीईटी उत्तीर्ण शिक्षकों की परीक्षा संबंधी प्रविष्टियां लोक शिक्षण संचालनालय के निर्देशानुसार सेवा पुस्तिका में दर्ज करने तथा समयमान वेतनमान की त्रुटिपूर्ण सूची के कारण लाभ से वंचित कर्मचारियों एवं शिक्षकों के नाम पुनः प्रस्तावित कर लोक शिक्षण संचालनालय को भेजने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई।


फेडरेशन ने प्राथमिक शाला प्रधान पाठक की पदोन्नति लोक शिक्षण संचालनालय द्वारा निर्धारित समय-सारिणी के अनुरूप पूर्ण करने तथा तृतीय एवं चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की लंबित पदोन्नतियां शीघ्र संपन्न करने की आवश्यकता पर भी बल दिया।


शिक्षा व्यवस्था को लेकर बैठक में यह भी सुझाव दिया गया कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, खेल, कला, सांस्कृतिक एवं व्यावहारिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से शनिवार को बैगलेस डे की पूर्व व्यवस्था पुनः लागू करते हुए जिले के प्राथमिक से लेकर उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों का संचालन पूर्ववत प्रातः 7:30 बजे से 11:30 बजे तक किया जाए।


बैठक के उपरांत फेडरेशन के प्रतिनिधिमंडल ने जिला शिक्षा अधिकारी एवं फेडरेशन के संरक्षक तामेश्वर उपाध्याय से भेंट कर उपर्युक्त मांगों एवं समस्याओं से अवगत कराया। जिला शिक्षा अधिकारी ने अपने अधिकार क्षेत्र से संबंधित विषयों पर त्वरित कार्रवाई का आश्वासन देते हुए सभी विकासखंड शिक्षा अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी करने की सहमति व्यक्त की।


बैठक में जिला संयोजक जगदीश प्रसाद खरे, महासचिव ओमप्रकाश बघेल, पी.पी.एस. राठौर, आर.के. पाण्डेय, समित साहू, नरेंद्र नाथ श्रीवास, रामकपूर कुर्रे, कृति लहरे, प्रकाश खाकसे, तरुण वैष्णव, शंकर पैकरा, एस.के. गुप्ता सहित फेडरेशन के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।


यह जानकारी छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन, जिला कोरबा के महासचिव ओमप्रकाश बघेल द्वारा प्रदान की गई।