धनेश देवांगन बिलासपुर संभाग ब्यूरो चीफ

(कोरबा-बाँकी मोंगरा) नगर पालिका परिषद बाँकी मोंगरा में पिछले 10-12 दिनों से व्याप्त पेयजल संकट को लेकर विपक्षी पार्षदों ने मोर्चा खोल दिया है। क्षेत्र में कोहड़िया जल संयंत्र से होने वाली टेपनल जलापूर्ति बाधित रहने से आमजन गंभीर परेशानी का सामना कर रहे हैं। समस्या के स्थायी समाधान की मांग को लेकर नगर पालिका क्षेत्र के विपक्षी पार्षदों ने कोरबा कलेक्टर एवं नगर निगम आयुक्त को ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में पार्षदों ने कोहड़िया स्थित जल संयंत्र की तकनीकी खराबी को शीघ्र दूर कर नियमित जलापूर्ति बहाल करने, दिन में दो बार पानी सप्लाई शुरू करने तथा सुबह 3-4 बजे होने वाली जलापूर्ति को निर्धारित एवं सुविधाजनक समय पर संचालित करने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी गई है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आम जनता के साथ मिलकर उग्र आंदोलन किया जाएगा।

ज्ञापन सौंपने के बाद पार्षदों ने कोहड़िया जल संयंत्र का निरीक्षण भी किया और संबंधित अधिकारियों को जल वितरण व्यवस्था में शीघ्र सुधार के निर्देश दिए।


इस दौरान नेता प्रतिपक्ष मधुसूदन दास ने कहा कि बाँकी मोंगरा के 30 वार्डों के नागरिक पानी की गंभीर समस्या से जूझ रहे हैं। उन्होंने कहा कि जल संयंत्र में तकनीकी खराबी होना स्वाभाविक है, लेकिन भीषण गर्मी के बीच वैकल्पिक व्यवस्था का अभाव प्रशासन की तैयारी पर सवाल खड़ा करता है। उन्होंने कहा कि पहले प्रतिदिन सुबह एक घंटे जलापूर्ति होती थी, लेकिन अब वह भी बंद हो गई है, जिससे लोगों की परेशानी और बढ़ गई है।


उन्होंने प्रशासन से तत्काल संज्ञान लेते हुए टेपनल समस्या का समाधान करने तथा नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते समस्या का निराकरण नहीं हुआ तो जनता के साथ व्यापक आंदोलन किया जाएगा।


वहीं पार्षद राकेश अग्रवाल, संदीप डहरिया, राजकुमारी बंसी दास एवं इंद्रजीत बींझवार ने संयुक्त रूप से कहा कि भीषण गर्मी में पानी जैसी मूलभूत सुविधा प्रभावित होने से आम लोगों के दैनिक कार्य बुरी तरह प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से जल्द समाधान की मांग करते हुए कहा कि अन्यथा जनहित में आंदोलन के लिए बाध्य होना पड़ेगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।


इस अवसर पर नेता प्रतिपक्ष मधुसूदन दास, पार्षद राकेश अग्रवाल, संदीप डहरिया, राजकुमारी बंसी दास, इंद्रजीत बींझवार, नंदलाल, बबलू मारवा, कमल चंद्रा, धनंजय राठौर, खगेश कर्ष सहित अनेक पार्षद एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।