हसौद पुलिस बनी मूकदर्शक! बड़े जुए पर सक्ती साइबर टीम को करनी पड़ी कार्रवाई, स्थानीय पुलिस की कार्यशैली पर उठे सवाल, सांठगांठ के भी लग रहे आरोप

राकेश कुमार राठौर जिला ब्यूरो चीफ सक्ती

(सक्ती) हसौद थाना क्षेत्र में काट पत्ती जुए का कथित कारोबार थमने का नाम नहीं ले रहा है। दिवाली के दौरान संचालित होने वाले जुए के फड़ एक बार फिर ग्राम नरियरा में सक्रिय होने की चर्चाएं सामने आ रही हैं। बताया जा रहा है कि यहां ताश के पत्तों पर बड़े स्तर पर दांव लगाए जा रहे हैं तथा स्थानीय खिलाड़ियों के साथ दूसरे जिलों से भी जुआरी पहुंच रहे हैं। इसके बावजूद हसौद पुलिस की कार्रवाई को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह के सवाल उठने लगे हैं।

बड़े जुए पर स्थानीय पुलिस की जगह साइबर टीम ने की थी कार्यवाही

इस पूरे मामले का सबसे अहम पहलू यह है कि पूर्व में हसौद थाना क्षेत्र में संचालित बड़े जुए के फड़ पर सक्ती की साइबर टीम ने कार्रवाई की थी। इस कार्रवाई ने स्थानीय पुलिस की निगरानी और सूचना तंत्र को लेकर सवाल खड़े कर दिए थे। जब थाना क्षेत्र में बड़े स्तर पर जुए की गतिविधियां संचालित होने की जानकारी दूसरी पुलिस टीम तक पहुंच सकती है, तो स्थानीय पुलिस को इसकी भनक क्यों नहीं लगती? आखिर थाना क्षेत्र में होने वाली ऐसी गतिविधियों पर नियमित निगरानी की जिम्मेदारी किसकी है?

छोटे जुआरियों पर कार्रवाई, बड़े संचालकों पर चुप्पी क्यों?

स्थानीय स्तर पर आरोप लगाए जा रहे हैं कि पुलिस छोटे-मोटे जुआरियों के खिलाफ कार्रवाई कर अपनी सक्रियता दिखाती है, लेकिन कथित बड़े जुआ संचालकों पर कार्रवाई के मामले में पुलिस की तत्परता नजर नहीं आती। नरियरा में फिर से जुए का फड़ संचालित होने की चर्चाओं ने इन सवालों को और गंभीर बना दिया है।

सांठगांठ की चर्चाओं ने बढ़ाई पुलिस की मुश्किलें

क्षेत्र में यह आरोप भी चर्चा का विषय बना हुआ है कि जुए के कथित संचालकों को किसी प्रकार की कार्रवाई का भय नहीं है। कुछ लोगों द्वारा पुलिस से कथित सांठगांठ की बातें भी कही जा रही हैं। हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन लगातार सामने आ रही शिकायतों के बाद पुलिस प्रशासन के लिए स्थिति स्पष्ट करना जरूरी हो गया है।

एसपी सक्ती से निष्पक्ष जांच की मांग

अब सवाल यह है कि क्या हसौद पुलिस नरियरा में कथित रूप से संचालित काट पत्ती जुए के फड़ पर कार्रवाई करेगी या फिर एक बार फिर मामला केवल छोटे जुआरियों की गिरफ्तारी तक सीमित रह जाएगा? क्षेत्रवासियों ने पुलिस अधीक्षक सक्ती से मांग की है कि मामले की स्थानीय थाना स्तर से अलग निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा जुआ संचालित करने वाले मुख्य लोगों की पहचान कर उनके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाए।