बाल भवन से ₹30 हजार के उपकरण चोरी, चोरी का पूरा सामान बरामद; किशोर न्याय बोर्ड में पेशी

चंद्र कुमार निर्णेजक जिला ब्यूरो चीफ बिलासपुर

(बिलासपुर) इमलीभाठा स्थित मितवा संस्था के बाल भवन से कंप्यूटर उपकरण चोरी के मामले में सरकंडा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चंद घंटे के भीतर घटना में संलिप्त विधि से संघर्षरत बालक को पकड़ लिया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर चोरी का पूरा सामान भी बरामद कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, 12 सितंबर 2026 को कतियापारा जूना बिलासपुर निवासी स्वाति गुप्ता (29) ने थाना सरकंडा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि बाल भवन में एक्टिविटी सेंटर संचालित होता है। 10 सितंबर की रात 8 बजे से 11 सितंबर सुबह 9.30 बजे के बीच अज्ञात चोर खिड़की के रास्ते अंदर घुसा और एक Lenovo मॉनिटर, एक ACER मॉनिटर, माउस तथा एक्सटेंशन बॉक्स चोरी कर ले गया। सामान की कुल कीमत करीब 30 हजार रुपए बताई गई। मामले में अपराध क्रमांक 1302/2026 के तहत धारा 331(4), 305 BNS में अपराध दर्ज किया गया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर पंकज पटेल और सीएसपी सरकंडा तिलेश्वर प्रसाद यादव के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी प्रदीप आर्य के नेतृत्व में टीम गठित की गई। घटनास्थल निरीक्षण, मुखबिर सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर एक नाबालिग को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने चोरी करना स्वीकार किया।

पुलिस ने चोरी किए गए दोनों मॉनिटर, माउस और एक्सटेंशन बॉक्स समेत करीब 30 हजार रुपए का पूरा मशरूका बरामद किया। विधि से संघर्षरत बालक को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।