भोलाशंकर रिपोर्टर कुसमुंडा कोरबा

(कोरबा)"हर घर तिरंगा" अभियान के अंतर्गत केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) इकाई, एसईसीएल बिलासपुर के गेवरा एवं दीपका क्षेत्र के बल सदस्यों द्वारा एक भव्य तिरंगा रैली का आयोजन किया गया। रैली का शुभारंभ इकाई प्रभारी रघुबीर नरेन द्वारा हरी झंडी दिखाकर किया गया।

यह तिरंगा रैली सीआईएसएफ इकाई लाइन, गेवरा से प्रारंभ होकर विजयनगर ग्राम तक पहुँची तथा पुनः गेवरा इकाई लाइन में आकर संपन्न हुई। रैली में बड़ी संख्या में बल सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया।

रैली के दौरान बल सदस्यों ने ग्रामीणों को "हर घर तिरंगा" अभियान के महत्व के बारे में जागरूक किया तथा सभी नागरिकों से अपने घरों पर सम्मानपूर्वक राष्ट्रीय ध्वज फहराने का आह्वान किया। ग्रामीणों ने भी इस अभियान के प्रति उत्साह दिखाते हुए राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान एवं राष्ट्रप्रेम के संदेश को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर इकाई प्रभारी रघुबीर नरेन ने कहा कि "हर घर तिरंगा" अभियान प्रत्येक भारतीय के मन में राष्ट्रभक्ति की भावना को और अधिक सशक्त बनाने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। सीआईएसएफ सदैव राष्ट्रीय एकता, अखंडता एवं जन-जागरूकता से जुड़े अभियानों में सक्रिय भागीदारी निभाती रही है।