राकेश कुमार राठौर जिला ब्यूरो चीफ सक्ती

   (सक्ती) कलेक्टर जयश्री जैन ने नगरीय निकायों की कलेक्ट्रेट कार्यालय सभाकक्ष में समीक्षा बैठक लेकर नगरीय विकास कार्यों एवं शासन की योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में नगर पालिका परिषद सक्ती सहित नगर पंचायत चंद्रपुर, अड़भार, डभरा, नया बाराद्वार एवं जैजैपुर में संचालित विकास कार्यों शासन की विभिन्न योजनाओं नागरिक सुविधाओं निर्माण कार्यों एवं वित्तीय प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करते हुए कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने तथा नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए।

      बैठक में कलेक्टर जयश्री जैन द्वारा जिले में निर्माणाधीन नालंदा परिसर के कार्यों की प्रगति व अद्यतन स्थिति की जानकारी ली गई। परियोजना के अंतर्गत लाइब्रेरी एवं रीडिंग जोन के निर्माण कार्य की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्माण की गुणवत्ता सुनिश्चित करने, शेष कार्यों में तेजी लाने तथा परिसर को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर द्वारा विद्यार्थियों के लिए अध्ययन हेतु बेहतर वातावरण एवं आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से परियोजना के प्रत्येक चरण की नियमित समीक्षा करने पर जोर दिया गया। स्वच्छ भारत मिशन एवं आकांक्षीय शौचालय निर्माण के अंतर्गत नगरीय निकायों में स्वीकृत शौचालयों के निर्माण एवं पूर्णता की स्थिति की समीक्षा की गई। सक्ती, चंद्रपुर, अड़भार एवं जैजैपुर में स्वीकृत शौचालय निर्माण कार्य पूर्ण होने की जानकारी प्रस्तुत की गई जबकि डभरा में विभिन्न स्थलों पर शौचालय निर्माण संबंधी निविदा प्रक्रिया प्रगतिरत है। कलेक्टर ने शेष कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने सार्वजनिक शौचालयों में स्वच्छता एवं रखरखाव की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा नागरिकों को सुविधाजनक सार्वजनिक स्वच्छता सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। स्वच्छ भारत मिशन-शहरी 2.0 के ठोस अपशिष्ट प्रबंधन घटक के अंतर्गत स्वीकृत परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए एमआरएफ प्लांट कचरा प्रसंस्करण एवं अपशिष्ट प्रबंधन संबंधी कार्यों की प्रगति पर चर्चा की गई। सक्ती एवं चंद्रपुर में प्रस्तावित कार्यों की प्रक्रिया एवं प्रगति की जानकारी प्रस्तुत की गई। कलेक्टर ने कचरे के पृथक्करण, संग्रहण, प्रसंस्करण तथा वैज्ञानिक निस्तारण की व्यवस्था को मजबूत करने एवं संबंधित निर्माण कार्यों को समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।

   बैठक में कलेक्टर जयश्री जैन ने जल आवर्धन योजना की समीक्षा में पाइपलाइन विस्तार इंटेक वेल वाटर ट्रीटमेंट प्लांट ओवरहेड टैंक, सम्प वेल एवं अन्य घटकों की प्रगति की जानकारी ली। सक्ती एवं डभरा में संचालित कार्यों की स्थिति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने कार्यों में आ रही बाधाओं को चिन्हित कर संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए। रेलवे, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, जल संसाधन विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों से आवश्यक अनुमति एवं समन्वय संबंधी विषयों का शीघ्र निराकरण कर कार्यों में तेजी लाने कहा गया। योजना के सभी घटकों को समयबद्ध रूप से पूर्ण कर नागरिकों को नियमित पेयजल उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया। एबीसी नियमों के क्रियान्वयन एवं पशु नियंत्रण व्यवस्था की समीक्षा में नगरीय निकायों में एबीसी सेंटर की स्थापना आवश्यक अधोसंरचना संचालन एवं संबंधित गतिविधियों की जानकारी ली गई। कलेक्टर ने पशु नियंत्रण संबंधी कार्यों को निर्धारित नियमों एवं मानकों के अनुरूप संचालित करने आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने तथा संबंधित निकायों को नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। रेन वाटर हार्वेस्टिंग एवं जल संरक्षण की समीक्षा में नगरीय क्षेत्रों में वर्षा जल संचयन की व्यवस्था की जानकारी प्रस्तुत की गई। जिले के नगरीय निकायों में कुल 343 भवनों में रेन वाटर हार्वेस्टिंग व्यवस्था के विरुद्ध 334 भवनों में व्यवस्था पूर्ण होने तथा शेष 9 भवनों में कार्य किए जाने की जानकारी दी गई। कलेक्टर ने जल संरक्षण के उपायों को प्रभावी रूप से लागू करने शेष कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने तथा नागरिकों को वर्षा जल संचयन के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए।

    कलेक्टर ने सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) से संबंधित कार्यों की समीक्षा के दौरान नगरीय क्षेत्रों में सीवेज प्रबंधन उपचार संयंत्रों की स्थापना एवं संबंधित कार्यों की स्थिति पर जानकारी ली। सक्ती सहित विभिन्न नगरीय निकायों में प्रस्तावित एवं प्रगतिरत कार्यों की जानकारी ली गई। कलेक्टर ने सीवेज प्रबंधन के कार्यों को प्राथमिकता से आगे बढ़ाने तथा आवश्यक तकनीकी एवं प्रशासनिक प्रक्रियाओं को समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। नगरिय निकाय के अधिकारियों द्वारा बताया गया कि प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के अंतर्गत जिले के नगरीय निकायों में कुल 5399 आवास स्वीकृत किए गए हैं जिनमें से 5182 आवास पूर्ण हो चुके हैं। शेष आवास विभिन्न निर्माण चरणों में प्रगतिरत हैं। योजना के अंतर्गत फाउंडेशन लिंटल एवं रूफ स्तर पर निर्माणाधीन आवासों की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने हितग्राहियों से संपर्क कर निर्माण कार्यों में तेजी लाने अपूर्ण आवासों को शीघ्र पूर्ण कराने तथा पात्र हितग्राहियों को योजना का लाभ सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी 2.0 के अंतर्गत लाभार्थी आधारित आवास निर्माण घटक की समीक्षा में जिले के नगरीय निकायों में 1373 स्वीकृत आवासों की प्रगति की जानकारी प्रस्तुत की गई। इनमें विभिन्न निर्माण चरणों में आवास निर्माण कार्य प्रगतिरत हैं तथा कुछ आवास पूर्ण हो चुके हैं। इसके साथ ही योजना के ऑनलाइन पोर्टल पर प्राप्त आवेदनों सत्यापन एवं स्वीकृति की स्थिति की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने पात्र हितग्राहियों के आवेदन का समयबद्ध परीक्षण एवं सत्यापन कर योजना का लाभ प्रदान करने तथा निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए।

     बैठक में प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना एवं शहरी आजीविका के अंतर्गत नगरीय क्षेत्रों के पथ विक्रेताओं को वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने की प्रगति की समीक्षा की गई। जिले के नगरीय निकायों में योजना के अंतर्गत प्राप्त आवेदन, पात्रता परीक्षण, बैंक स्तर पर प्रकरणों की स्वीकृति एवं ऋण वितरण की स्थिति की जानकारी ली गई। कलेक्टर ने पात्र हितग्राहियों के प्रकरणों को बैंकों से समन्वय कर शीघ्र निराकृत कराने तथा योजना का लाभ अधिक से अधिक पथ विक्रेताओं तक पहुंचाने के निर्देश दिए। मोबाइल मेडिकल यूनिट के माध्यम से नगरीय क्षेत्रों में उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं की समीक्षा में जिले के नगरीय निकायों में कुल 3574 स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाने तथा 250731 मरीजों की उपस्थिति व जांच संबंधी जानकारी प्रस्तुत की गई। कलेक्टर ने मोबाइल मेडिकल यूनिट का निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संचालन सुनिश्चित करने, स्वास्थ्य सुविधाओं को नागरिकों तक पहुंचाने तथा जरूरतमंद लोगों को नियमित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। 

        बैठक में कलेक्टर राजश्री जैन ने सभी मुख्य नगर पालिका अधिकारियों एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि नगरीय निकायों में संचालित विकास कार्यों एवं शासन की योजनाओं की नियमित समीक्षा की जाए। निर्माण कार्यों में गुणवत्ता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए। नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता दी जाए तथा सभी लंबित कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किया जाए। कलेक्टर द्वारा आगामी समीक्षा बैठक में सभी योजनाओं की अद्यतन प्रगति एवं कार्यों की स्थिति प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। बैठक में अपर कलेक्टर नवीन भगत, अपर कलेक्टर के एस पैंकरा सहित समस्त नगरीय निकायों के मुख्य नगर पालिका अधिकारी, उप अभियंता, एपीएम, पीआईयू, सीएलटीसी एवं संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।