दूसरे के बच्चे को स्तनपान कराने वाली माताओं को प्रशस्ति पत्र व श्रीफल देकर किया सम्मानित

अमर भारद्वाज सह-स्टेट हेड डीएम इंडिया न्यूज

(कोरबा-सराईसिंगार) दिनांक 10 सितंबर 2026 को ग्राम सराईसिंगार में स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत माता यशोदा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उन माताओं को सम्मानित किया गया, जिन्होंने अपने बच्चे के अलावा किसी अन्य जरूरतमंद शिशु को स्तनपान कराकर मातृत्व और मानवता की मिसाल पेश की।

इस अवसर पर ऐसी माताओं को प्रशस्ति पत्र एवं श्रीफल प्रदान कर हर्षोल्लास के साथ सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से समाज को यह अमूल्य संदेश दिया गया कि जैसे माता यशोदा ने भगवान श्रीकृष्ण को अपने दूध से पोषित कर उनका पालन-पोषण किया, उसी भावना से जरूरतमंद शिशु को स्तनपान कराना ममता, सेवा और मानवीय संवेदना का उत्कृष्ट उदाहरण है।


कार्यक्रम में बीसी रुखमणि यादव, एमटी पूर्णिमा महंत, कमलेश लहरे, जनपद सदस्य फुलचंद कश्यप, सरपंच घनश्याम सिंह एवं गोपाल दास सहित समस्त मितानिन एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।


कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने माताओं के इस सराहनीय कार्य की प्रशंसा करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायी पहल बताया।