सदानंद कुमार प्रउहा सह-संपादक डीएम इंडिया न्यूज़

(कोरबा)विकासखंड पोड़ी उपरोड़ा अंतर्गत ग्राम रोदे स्थित विद्युत उपकेंद्र (रोदे सब स्टेशन) से जुड़े 35 से 40 गांवों में लगातार बनी हुई बिजली संकट की समस्या को लेकर ग्रामीणों ने जिला कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक एवं विद्युत विभाग के अधीक्षण अभियंता को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र समाधान की मांग की है। ज्ञापन में स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि यदि पांच दिनों के भीतर समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया तो ग्रामीण लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से कोरबी स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग (SH 15 स्टेट मार्ग चोटिया–चिरमिरी मार्ग) पर चक्काजाम आंदोलन करेंगे।

ग्रामीणों ने बताया कि रोदे सब स्टेशन से वर्षों से विद्युत आपूर्ति बाधित रहने की समस्या बनी हुई है। वर्तमान में पिछले सात दिनों से क्षेत्र में बिजली पूरी तरह गुल है, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है। विद्यार्थियों की पढ़ाई बाधित हो रही है, स्वास्थ्य केंद्रों में जीवनरक्षक दवाइयों के खराब होने का खतरा उत्पन्न हो गया है तथा पेयजल आपूर्ति भी प्रभावित है। मोबाइल चार्ज नहीं होने से 112, महतारी एक्सप्रेस सहित अन्य आपातकालीन सेवाओं से संपर्क करने में भी कठिनाई हो रही है। इसके अलावा ऑनलाइन सेवाएं, शासकीय योजनाओं से जुड़ी जानकारी और दैनिक कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं। रात के समय अंधेरा रहने से जहरीले सांप-बिच्छुओं का खतरा भी बढ़ गया है।

ज्ञापन में मांग की गई है कि रोदे सब स्टेशन से जुड़े सभी गांवों में तत्काल नियमित बिजली आपूर्ति बहाल की जाए, विद्युत व्यवस्था का स्थायी समाधान किया जाए, पर्याप्त तकनीकी कर्मचारियों की नियुक्ति एवं आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जाएं तथा भविष्य में ऐसी समस्या दोबारा न हो, इसके लिए प्रभावी कार्ययोजना बनाई जाए।

ग्रामीणों ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि निर्धारित पांच दिनों में मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो 35-40 गांवों के लोग शांतिपूर्ण ढंग से राष्ट्रीय राजमार्ग पर चक्काजाम आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी।