देवेन्द्र खूटे रिपोर्टर कोरबा

(कोरबा) शहर के मुड़ापार क्षेत्र के पास स्थित एक पेट्रोल पंप में उस समय हड़कंप मच गया, जब परिसर में बनी पानी की टंकी के अंदर एक युवक का शव मिला। मृतक की पहचान पेट्रोल पंप कर्मचारी ओम प्रकाश यादव, निवासी राताखार, के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।

बताया जा रहा है कि ओम प्रकाश यादव पेट्रोल पंप में कर्मचारी के रूप में कार्यरत था। सोमवार को पेट्रोल पंप परिसर में बनी पानी की टंकी के अंदर उसका शव मिलने से कर्मचारियों और आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई।

सूचना मिलने पर मानिकपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पानी की टंकी से बाहर निकलवाया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

फिलहाल युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि मामला आत्महत्या का है अथवा किसी दुर्घटना या अन्य अनहोनी के कारण युवक की जान गई। पुलिस द्वारा पेट्रोल पंप के कर्मचारियों और अन्य लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। घटना के बाद राताखार और मुड़ापार क्षेत्र में भी चर्चा का माहौल बना हुआ है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।