एक घंटे की मशक्कत के बाद रेस्क्यू टीम ने सुरक्षित निकाला, प्राकृतिक आवास में छोड़ा

अमर भारद्वाज सह-स्टेट हेड छत्तीसगढ़ डीएम इंडिया न्यूज

(कोरबा) जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल सतरेंगा स्थित एक रिसॉर्ट में गुरुवार सुबह करीब 8 फीट लंबा किंग कोबरा दिखाई देने से हड़कंप मच गया। सांप रिसॉर्ट के बिजली मीटर बोर्ड और सर्किट बोर्ड के पीछे बेहद संकरी जगह में छिपा हुआ था। घटना की जानकारी मिलते ही रिसॉर्ट प्रबंधन ने तत्काल सर्प रेस्क्यू टीम को सूचना दी।

भाजपा मंडल अध्यक्ष हरी शंकर यादव ने बताया कि हर्षिता पांडे के स्वागत कार्यक्रम के दौरान रिसॉर्ट में किंग कोबरा दिखाई देने की जानकारी सामने आई। इसके बाद नोवा नेचर संस्था के जितेंद्र सारथी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे।

रेस्क्यू शुरू करने से पहले बिजली विभाग को सूचना देकर रिसॉर्ट की बिजली आपूर्ति बंद कराई गई। इसके बाद टीम ने सावधानीपूर्वक रेस्क्यू अभियान शुरू किया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद किंग कोबरा को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। आवश्यक पंचनामा कार्रवाई पूरी करने के बाद सांप को उसके प्राकृतिक आवास में सुरक्षित छोड़ दिया गया।

इन क्षेत्रों में भी दिख रहा किंग कोबरा

रेस्क्यू टीम के अनुसार लेमरू, बालको, पसरखेत, करतला और कुदमुरा सहित जिले के कई वन क्षेत्रों में इन दिनों किंग कोबरा दिखाई देने की घटनाएं सामने आ रही हैं। विशेषज्ञों के मुताबिक यह इन क्षेत्रों में किंग कोबरा के अनुकूल प्राकृतिक वातावरण होने का संकेत है।

रेस्क्यू टीम ने लोगों से अपील की है कि सांप दिखाई देने पर उसे पकड़ने या मारने का प्रयास न करें। तत्काल वन विभाग या प्रशिक्षित सर्प रेस्क्यू टीम को सूचना दें।