कृष्णा पाण्डेय जिला ब्यूरो चीफ जीपीएम

(गौरेला-पेंड्रा-मरवाही) पंजाब के फरीदकोट में आयोजित होने वाली 52वीं जूनियर नेशनल बालिका कबड्डी चैंपियनशिप में छत्तीसगढ़ की टीम बेहतर प्रदर्शन करने की तैयारी में जुट गई है। प्रदेश की जूनियर महिला कबड्डी टीम के गठन के बाद 16 से 24 नवंबर तक कबड्डी प्रशिक्षण केंद्र पेंड्रा में नौ दिवसीय प्रशिक्षण शिविर प्रारंभ किया गया है।

इस प्रशिक्षण शिविर में चयनित खिलाड़ी प्रतियोगिता के लिए शारीरिक क्षमता, तकनीकी कौशल, खेल रणनीति, टीम समन्वय और मैदान पर बेहतर प्रदर्शन करने के लिए अभ्यास कर रही हैं। शिविर के माध्यम से खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के अनुरूप तैयार किया जा रहा है।

52वीं जूनियर नेशनल बालिका कबड्डी चैंपियनशिप का आयोजन 26 से 29 नवंबर 2026 तक पंजाब के फरीदकोट स्थित नेहरू स्टेडियम में होगा। छत्तीसगढ़ की टीम राष्ट्रीय प्रतियोगिता में प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेगी।

टीम के कोच मुकेश कुमार, सहायक कोच भोलाराम साहू तथा मैनेजर ऊषा यादव को जिम्मेदारी सौंपी गई है। छत्तीसगढ़ कबड्डी संघ के समस्त पदाधिकारियों ने टीम के खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों को प्रतियोगिता के लिए अग्रिम बधाई और शुभकामनाएं देते हुए बेहतर प्रदर्शन तथा प्रदेश का गौरव बढ़ाने की उम्मीद जताई है।