रात में बिस्तर से बच्ची के गायब होने की सूचना, सुबह घर के आंगन में पानी से भरे ड्रम में मिला शव

पुलिस की विवेचना में माता-पिता की संलिप्तता सामने आने पर दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया

राकेश कुमार राठौर जिला ब्यूरो चीफ सक्ती

(सक्ती)थाना सक्ती क्षेत्र में तीन माह की मासूम बच्ची की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मृत्यु के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए बच्ची के माता-पिता को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक पुलिस विवेचना में बच्ची की हत्या किए जाने तथा घटना में उसके माता-पिता की संलिप्तता सामने आई है।

घटना का संक्षिप्त विवरण :दिनांक 29.09.2026 की रात्रि में परिवार के सभी सदस्य खाना खाने के पश्चात घर में सो गए थे। रात्रि लगभग 02:00 बजे बच्ची के पिता द्वारा परिजनों को बताया गया कि उनकी लगभग तीन माह की बच्ची बिस्तर से गायब है। बच्ची के गायब होने की सूचना पर परिजनों एवं आसपास के लोगों द्वारा घर, आंगन तथा आसपास के क्षेत्र में उसकी तलाश की गई, किंतु बच्ची का पता नहीं चल सका।


अगले दिन दिनांक 30.09.2026 की सुबह लगभग 07:30 बजे बच्ची की दादी पानी लेने के लिए घर के आंगन में गईं। इसी दौरान पानी के ड्रम को देखने पर उसके अंदर बच्ची मृत अवस्था में मिली। घटना की सूचना पुलिस को प्राप्त होने पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक पंचनामा कार्रवाई की गई।


मामले की गंभीरता को देखते हुए घटनास्थल एवं परिस्थितिजन्य साक्ष्यों का बारीकी से परीक्षण किया गया। विवेचना के दौरान सामने आए तथ्यों एवं साक्ष्यों के आधार पर बच्ची के माता-पिता की भूमिका संदिग्ध पाए जाने पर उनसे पूछताछ की गई। जांच में दोनों की संलिप्तता सामने आने पर उन्हें विधिवत गिरफ्तार किया गया।


प्रारंभिक जांच में यह तथ्य सामने आया है कि बच्ची जन्म के बाद से ही बार-बार बीमार रहती थी। बच्ची के उपचार एवं परिवार की आर्थिक परेशानियों के कारण माता-पिता तनाव में थे। पुलिस द्वारा घटना के पीछे के कारणों एवं परिस्थितियों की विस्तृत जांच की जा रही है।


मामले में उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर वैधानिक कार्रवाई करते हुए दोनो विधि से संघर्षरत बालकों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। प्रकरण की विवेचना जारी है तथा घटना से जुड़े अन्य सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है।

स्पष्ट किया गया है कि मामले में सामने आए तथ्यों एवं साक्ष्यों के आधार पर ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


नोट : नाबालिग बच्ची एवं उसके परिवार की पहचान गोपनीय रखी गई है, ताकि उनकी निजता एवं गरिमा प्रभावित न हो।