हुड़दंग और कानून-व्यवस्था का उल्लंघन करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई, थाना प्रभारी ने की शांतिपूर्ण पर्व मनाने की अपील

धनेश देवांगन बिलासपुर संभाग ब्यूरो चीफ

(कोरबा-बांकी मोंगरा)विजयादशमी के पावन अवसर पर बांकी मोंगरा थाना परिसर में थाना प्रभारी सत्यम साहू के नेतृत्व में विधि-विधान के साथ शस्त्र पूजा का आयोजन किया गया। इस दौरान पुलिस विभाग के शस्त्रों की पूजा-अर्चना कर नगर में सुख-शांति, समृद्धि, जनसुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखने की कामना की गई। शस्त्र पूजा के माध्यम से पुलिसकर्मियों ने अपने कर्तव्यों, अनुशासन और जनसेवा के प्रति समर्पण का संदेश दिया।


विजयादशमी का पर्व बुराई पर अच्छाई और असत्य पर सत्य की विजय का प्रतीक है। इसी परंपरा के अनुरूप बांकी मोंगरा थाने में शस्त्र पूजा संपन्न हुई। इस अवसर पर थाना प्रभारी सत्यम साहू ने नगरवासियों को विजयादशमी एवं दशहरा पर्व की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देते हुए सभी से त्योहार को आपसी प्रेम, भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की।

नशे में वाहन न चलाएं, यातायात नियमों का करें पालन

थाना प्रभारी सत्यम साहू ने नागरिकों से अपील की कि त्योहार की खुशियों के बीच जिम्मेदारी और सावधानी का विशेष ध्यान रखें। उन्होंने कहा कि वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन करें और किसी भी परिस्थिति में नशे की हालत में वाहन न चलाएं। नशे में वाहन चलाने से चालक के साथ-साथ सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ सकती है।


उन्होंने दोपहिया वाहन चालकों से हेलमेट पहनने सहित आवश्यक सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की। साथ ही नागरिकों से कहा कि वे आपसी भाईचारे के साथ पर्व मनाएं और किसी भी ऐसी गतिविधि से बचें, जिससे दूसरे लोगों को परेशानी हो या नगर की शांति व्यवस्था प्रभावित हो।रहेगी चाक चौबंद सुरक्षा हुड़दंग करने वालों पर पुलिस की रहेगी पैनी नज़र

थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया कि दशहरा पर्व के दौरान शांति व्यवस्था भंग करने, अनावश्यक हुड़दंग मचाने अथवा कानून-व्यवस्था का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध पुलिस द्वारा सख्त और त्वरित कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने नागरिकों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने, आपसी विवाद से दूर रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की।


उन्होंने कहा कि त्योहारों का वास्तविक आनंद तभी है, जब समाज में शांति, सुरक्षा और सद्भाव का वातावरण बना रहे। पुलिस प्रशासन नगर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है। इसमें आम नागरिकों की सहभागिता भी महत्वपूर्ण है।

शांतिपूर्ण दशहरा मनाने पुलिस की अपील

बांकी मोंगरा पुलिस ने नगरवासियों से विजयादशमी का पर्व जिम्मेदारी और सावधानी के साथ मनाने की अपील की। पुलिस ने लोगों से मर्यादा बनाए रखने, यातायात नियमों का पालन करने तथा शांति एवं सौहार्द बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करने का आग्रह किया।


पुलिस प्रशासन का संदेश है कि त्योहार की खुशियां सभी के लिए सुरक्षित रहें। नागरिक नियमों का पालन करें, नशे में वाहन चलाने से बचें और मिल-जुलकर शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में दशहरा पर्व मनाएं।