तारबाहर पुलिस और ACCU की संयुक्त कार्रवाई में बड़ी सफलता — पूर्व में गिरफ्तार आरोपियों को भी उपलब्ध कराया गया था पैसा

चंद्र कुमार निणे॔जक जिला ब्यूरो चीफ बिलासपुर

(बिलासपुर) तारबाहर थाना क्षेत्र में हत्या की सुपारी देने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर महत्वपूर्ण खुलासा किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने एक व्यक्ति की हत्या कराने के लिए पैसे उपलब्ध कराए थे। मामले में तारबाहर पुलिस एवं ACCU की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी नवीन पटेल को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस के मुताबिक प्रार्थी शिशिर कश्यप ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 4 जुलाई 2026 की सुबह करीब 7 बजे वह अपनी बेटी को स्कूल छोड़ने गया था। घर लौटते समय उसके पिता का फोन आया और बताया गया कि सुबह करीब 6:45 बजे मॉर्निंग वॉक के दौरान रेलवे अस्पताल के पास तीन अज्ञात व्यक्तियों ने मुंह पर कपड़ा बांधकर, हाथ में डंडा एवं नुकीली वस्तु लेकर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और मारपीट की।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों को तत्काल अवगत कराया गया। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर तारबाहर थाना एवं ACCU की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की। विवेचना के दौरान सीसीटीवी फुटेज एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल की पहचान की गई तथा संदिग्धों के संबंध में महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए गए।

पुलिस जांच में पूर्व में आरोपी नितिन टेकाम, एक विधि से संघर्षरत बालक एवं आरोपी साहिल सोनकर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजे जाने की जानकारी सामने आई। पूछताछ और जांच के दौरान मुख्य आरोपी नवीन पटेल, पिता दिव्यानंद पटेल, उम्र 38 वर्ष, निवासी मेन रोड तेलीपारा, अजित होटल के पास, थाना सिटी कोतवाली, जिला बिलासपुर, का नाम सामने आया।

पुलिस के अनुसार नवीन पटेल से पूछताछ में सामने आया कि उसने श्याम कश्यप की हत्या कराने के लिए दीपक तिवारी को पैसे उपलब्ध कराए थे। आरोपी द्वारा अपराध स्वीकार किए जाने के बाद उसके कब्जे से दो मोबाइल फोन जब्त किए गए और उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस की इस कार्रवाई में थाना तारबाहर पुलिस एवं ACCU टीम की भूमिका सराहनीय रही। अधिकारियों के मार्गदर्शन में संयुक्त टीम द्वारा तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की कड़ियां जोड़ते हुए मुख्य आरोपी तक पहुंच बनाई गई।