राकेश कुमार राठौर जिला ब्यूरो चीफ सक्ती

(सक्ती) जिले के डभरा थाना क्षेत्र में बुजुर्ग महिला के गले से सोने का मंगलसूत्र लूटकर फरार हुए आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से करीब 50 हजार रुपये कीमत का सोने का मंगलसूत्र और 20 हजार रुपये कीमत की मोटरसाइकिल सहित कुल 70 हजार रुपये का मशरूका जब्त किया गया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद 23 अक्टूबर 2026 तक न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 10 अक्टूबर 2026 को ग्राम खेमड़ा निवासी बद्दूलाल, उम्र 65 वर्ष, ने डभरा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि सुबह करीब 6:30 से 7 बजे के बीच उनकी पत्नी शौच के लिए गई थीं। इसी दौरान ग्राम में ननमोहन साहू के घर के सामने एक अज्ञात व्यक्ति ने उनसे तालाब का रास्ता पूछा और मौका पाकर उनके गले से सोने का मंगलसूत्र लूट लिया। धागा टूटने पर आरोपी मंगलसूत्र लेकर गेवराघाट की ओर भाग गया।

महिला की चीख-पुकार सुनकर उनके नाती कमलेश, योगेश, उमेश और श्यामलाल ने आरोपी का पीछा किया और ग्राम घोघरी में उसे पकड़ लिया। सूचना मिलने पर डभरा पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम पारस कुमार चन्द्रा, पिता ब्रिजमोहन चन्द्रा, निवासी वार्ड क्रमांक 12, जुनाडीह विजय नगर, गेवरा प्रोजेक्ट, थाना दीपका, जिला कोरबा बताया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 5.31 ग्राम वजन का सोने का मंगलसूत्र, जिसकी कीमत लगभग 50 हजार रुपये है, तथा बिना नंबर की पुरानी काली बजाज मोटरसाइकिल, जिसकी कीमत करीब 20 हजार रुपये है, जब्त की।

पुलिस के अनुसार, अपराध में संलिप्तता के साक्ष्य मिलने पर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल के मार्गदर्शन और एसडीओपी सुमित गुप्ता के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में थाना प्रभारी राजेश कुमार पटेल सहित डभरा थाने के पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों का विशेष योगदान रहा।